-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर अंतर्गत संचालित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र अंबिकापुर तथा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र शंकरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए ‘दीक्षारंभ समारोह 2026-27’ का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। 11 से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के वातावरण, अकादमिक गतिविधियों तथा महाविद्यालयीन जीवन से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.के. सिन्हा ने दीक्षारंभ कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी देते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र शंकरगढ़ के अधिष्ठाता डॉ. जी.पी. पैंकरा ने भी विद्यार्थियों को दीक्षारंभ समारोह के महत्व से अवगत कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साइबर ठगी से बचने विद्यार्थियों को किया जागरूक : कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि रामगीर साय, एएसआई,छत्तीसगढ़ पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की विभिन्न घटनाओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल,लिंक,ओटीपी,बैंकिंग फ्रॉड एवं सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी। कार्यक्रम में सविता मरावी,संगीता बड़ा,लोरेटा एक्का, अतुल गुप्ता,बसंत श्रीवास्तव एवं राजकुमार ने भी साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। विद्यार्थियों से अपील की गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
विद्यार्थियों ने कराया परिचय : दीक्षारंभ के प्रथम दिवस नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने अपना परिचय दिया। इससे विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय और संवाद का वातावरण बना। कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी.एस. महिपाल,एनएसएस एवं सांस्कृतिक प्रभारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. के.एल. पैंकरा,सह-संचालक, परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र अंबिकापुर, डॉ. पी.के. भगत,वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, आलू अनुसंधान केंद्र मैनपाट,डॉ.वी.एन. गौतम,वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख,कृषि विज्ञान केंद्र सीतापुर,डॉ.नीलम चौकसे, शैक्षणिक अधिकारी,डॉ. राजेश चौकसे,डॉ. एस.आर.दुबौलिया, डॉ. आर.एस. सिदार, डॉ. रंजीत कुमार,डॉ. रूथ एलिजाबेथ एक्का, किरण तिग्गा,डॉ. जहार सिंह,डॉ. अरुणिमा त्रिपाठी, डॉ.मधुलिका सिंह,डॉ.अखिलेश लकड़ा,डॉ. अर्यमा भारती, डॉ.नैनसी आकांक्षा मिंज,डॉ. स्नेहा तिवारी सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। अंत में अधिष्ठाता डॉ. एस.के. सिन्हा की अनुमति से दीक्षारंभ समारोह के प्रथम दिवस के कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। समारोह के आगामी दिनों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, जागरूकता एवं परिचयात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur