रात ढाई बजे पेट में मरोड़ की शिकायत पर खुला राज, पति के पीठ के नीचे भी था जहरीला सांप,बतौली की घटना
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। मेहमानों के लिए अपना पलंग छोडकर जमीन पर सोना बतौली की महिला सरपंच के लिए जानलेवा साबित हुआ। गुरुवार रात करीब ढाई बजे जमीन पर सो रही ग्राम पंचायत बतौली की सरपंच जगरमती पैंकरा (48) को करैत सांप ने पेट में डस लिया। नींद खुलने पर उन्होंने पति से पेट में मरोड़ होने की बात कही। परिजन इसे सामान्य पेट दर्द समझकर मालिश करने लगे। इसी दौरान पेट पर सांप के डसने का निशान दिखाई दिया। इसके बाद जब पति ने आसपास देखा तो उनकी पीठ के नीचे भी करैत सांप मौजूद था। हालांकि सांप ने पति को नहीं डसा। घटना के बाद परिजन तत्काल सांप को टब से ढककर महिला को शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद जांच के दौरान डॉक्टरों ने सरपंच को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि 10 सितंबर को जगरमती पैंकरा के घर मेहमान आए थे। रात में सभी ने साथ खाना खाया। इसके बाद सोने की व्यवस्था की गई। सरपंच ने अपना पलंग मेहमानों के लिए छोड़ दिया और खुद जमीन पर सो गईं। रात करीब ढाई बजे अचानक उनकी नींद खुली और उन्हें उल्टी होने लगी। पति व अन्य परिजनों ने कारण पूछा तो उन्होंने पेट में मरोड़ होने की बात बताई। परिजन इसे सामान्य पेट दर्द मानकर उनकी मालिश करने लगे। इसी दौरान पेट पर सांप के डसने का निशान दिखाई दिया। निशान देखते ही परिजनों के होश उड़ गए।
पति की पीठ के नीचे मिला करैत
पत्नी के पेट पर सांप के डसने का निशान मिलने के बाद पति ने आसपास देखा तो उसकी पीठ के नीचे करैत सांप मौजूद था। गनीमत रही कि सांप ने पति को नहीं डसा। परिजनों ने तत्काल सांप को एक टब से ढक दिया और महिला को अस्पताल पहुंचाया।
बारिश में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा
बारिश के मौसम में सरगुजा संभाग में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इस वर्ष भी संभाग में चार दर्जन से अधिक लोगों की सर्पदंश से मौत होने की जानकारी सामने आई है। करैत जैसे जहरीले सांप अक्सर घरों में घुस जाते हैं। जमीन पर सोने वालों के लिए इनसे खतरा और बढ़ जाता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur