-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। किसी के लिए पक्का घर सिर्फ चार दीवारें नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का सपना होता है। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न आवास योजनाओं के तहत तैयार हुए 5,596 आवासों में शुक्रवार को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए और हितग्राहियों को उनके नए घर की ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी। मंत्री श्री अग्रवाल ने विधिवत पूजन और फीता काटकर हितग्राही परिवारों को नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश कराया। इस दौरान जुगेंद्र राजवाड़े और उनकी पत्नी फूलमती को नए घर की चाबी सौंपी गई। चाबी मिलते ही परिवार के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। परिवार ने पक्का घर मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। इसी तरह जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो, संतोष सहित अन्य हितग्राहियों को भी मंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की। कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, जनपद सीईओ खुशबू शास्त्री, अधिकारी-कर्मचारी, एबीपी फेलो और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
4,967 पीएम आवास,398 पीएम जनमन और 231 मुख्यमंत्री आवास : जिले में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 4,967, पीएम जनमन योजना के 398 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 231 आवास शामिल हैं। इस तरह कुल 5,596 परिवारों को अपने पक्के घर में प्रवेश का अवसर मिला। विकासखंडवार आंकड़ों में अंबिकापुर में 1,235,बतौली में 737, लखनपुर में 1,033, लुंड्रा में 685, मैनपाट में 577, सीतापुर में 626 और उदयपुर में 703 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित हुआ।
मंत्री ने अपूर्ण आवास जल्द पूरा करने के दिए निर्देश : कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत शेष आवासों को भी शीघ्र पूरा करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur