Breaking News

जशपुरनगर@शहर के विकास कार्यों की कलेक्टर ने ली ग्राउंड रिपोर्ट,धीमे काम पर जताई नाराजगी

Share

नालंदा परिसर,चौक सौंदर्यीकरण,क्रिटिकल केयर ब्लॉक और बाकी नदी पुल का निरीक्षण,गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

-संवाददाता-
जशपुरनगर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने कलेक्टर रोहित व्यास शनिवार को मैदानी निरीक्षण पर निकले। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में निर्माणाधीन नालंदा परिसर,विभिन्न चौकों के सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवन के साथ जिला अस्पताल के समीप बन रहे 50 बेड के क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक और बाकी नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कई कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और तय समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
11 करोड़ की लागत से बन रहा 500 सीटर नालंदा परिसर : कलेक्टर ने करीब 2.87 हेक्टेयर में 11 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 500 सीटर नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी लेकर काम तेज करने के निर्देश दिए। परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी और डिजिटल अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा। जुदेव चौक के समीप करीब 64 लाख रुपए की लागत से हो रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने धीमी गति पर नाराजगी जताई। यहां आकर्षक फव्वारा,सूर्य नमस्कार की 12 मुद्राओं की प्रतिकृतियां सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं।
सामुदायिक भवन और चौक भी होंगे आकर्षण का केंद्र : पुरानी टोली में करीब 74 लाख रुपए की लागत से बन रहे सामुदायिक भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। यहां फिनिशिंग का काम चल रहा है। कलेक्टर ने शेष कार्य जल्द पूरा करने कहा। भवन तैयार होने के बाद शासकीय कार्यक्रमों के साथ शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए नागरिकों को सुविधा मिलेगी। वहीं करीब 15 लाख रुपए की लागत से डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर चौक और बालासाहेब देशपांडे चौक में किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि चौकों का बेहतर विकास शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ लोगों के लिए आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र बनाएगा।
50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक जल्द होगा तैयार : कलेक्टर ने जिला अस्पताल के समीप 11 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बन रहे 50 बेड के क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिला भवन में गंभीर और जीवन-जोखिम वाले मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वर्तमान में भवन में फिनिशिंग का काम चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्य जल्द पूरा करने कहा। अस्पताल में मरीजों और परिजनों की सुविधा के लिए साइनेज और कलर कोडिंग,आईसीयू,ओटी और इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की स्पष्ट पहचान, रेन वाटर हार्वेस्टिंग,व्यवस्थित वृक्षारोपण और लिफ्ट का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल में पानी और बिजली की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसी संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बिजली और पानी की निरंतर उपलब्धता जरूरी है।
3.84 करोड़ का पुल जोड़ेगा जशपुर को गम्हरिया से : जशपुर नगर को गम्हरिया से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर बाकी नदी में करीब 3.84 करोड़ रुपए की लागत से 72 मीटर लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। कलेक्टर ने पुल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। ब्रिटिश शासनकाल में बना पुराना पुल जर्जर होने के बाद उसके स्थान पर नया पुल बनाया जा रहा है। उन्होंने पुल निर्माण में गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने कहा। साथ ही पुल और सड़क के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सड़क किनारे आवश्यक सुरक्षा उपाय और दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, सीजीएमएससी के एसडीओ ललित वर्मा, नगर पालिका के सहायक अभियंता कैलाश खरोले, उप अभियंता शुभेंदु श्रीवास्तव,सेतु निर्माण विभाग के एसडीओ मनोज मरकाम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

उदयपुर@उदयपुर के पहाड़ी गांवों में मलेरिया का कहर,39 मरीज मिले पॉजिटिव

Share -संवाददाता-उदयपुर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। विकासखंड उदयपुर के पहाड़ी और दूरस्थ गांवों में मलेरिया का …

Leave a Reply