ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैकुंठपुर की द्वितीय मासिक बैठक में संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर,घर-घर पहुंचकर जनता की आपत्तियां जुटाने का निर्णय…

-संवाददाता-
बैकुंठपुर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैकुंठपुर की द्वितीय मासिक बैठक शनिवार को आयोजित की गई,बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने तथा बिजली बिलों में वृद्धि को प्रमुख जनमुद्दा बताते हुए इसके विरोध में जनजागरूकता अभियान को तेज करने का निर्णय लिया।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित न रहें,बल्कि लगातार वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझें और उन्हें शासन-प्रशासन के समक्ष उठाएं। आगामी नगर पालिका चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
स्मार्ट मीटर के विरोध में घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता– बैठक का प्रमुख मुद्दा स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल रहे,कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में वृद्धि को लेकर आम लोगों में असंतोष है। इसे लेकर पार्टी ने जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है,बैठक में बताया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से स्मार्ट मीटर के विरोध में फॉर्म भरवाने का अभियान शुरू किया है। इसके माध्यम से आम नागरिकों की आपत्तियों एवं समस्याओं को एकत्रित कर संगठित रूप से शासन-प्रशासन के समक्ष रखने की तैयारी है, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़े लोगों के सवालों को स्थानीय स्तर पर उठाने के साथ व्यापक स्तर पर भी आवाज बुलंद की जाएगी।
नगर पालिका चुनाव को लेकर वार्डों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश– बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने वार्डों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए,कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे नियमित रूप से जनता के बीच पहुंचें,स्थानीय समस्याओं और परेशानियों को समझें तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष उन्हें उठाकर समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करें,बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि चुनाव की तैयारी केवल चुनाव के समय शुरू करने के बजाय अभी से वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय किया जाए,प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर– कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है, इसके लिए कार्य कर्ताओं को लगातार जनता के संपर्क में रहने, स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने और जनहित से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही गई, बैठक में यह भी कहा गया कि संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों की संख्या से नहीं,बल्कि कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता से तय होती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में नियमित रूप से जनता के बीच पहुंचकर संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्मार्ट मीटर, बिजली बिलों में वृद्धि तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर आगे भी जनजागरूकता और जनआंदोलन जारी रखने की बात कही,पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि जनता से जुड़े मुद्दों को चिन्हित कर उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाए और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं,बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव में जनता के बीच पार्टी की सक्रियता और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष प्रमुख आधार रहेगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद– बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, नगर पालिका बैकुंठपुर चुनाव प्रभारी वेदांती तिवारी,ब्लॉक अध्यक्ष आशीष यादव,अजय सिंह, सुरेंद्र तिवारी,बृजवासी तिवारी,अनिल जायसवाल, प्रवीण भट्टाचार्य,पार्षद राहुल गुप्ता,अंकित गुप्ता,लालदास सहित महिला कांग्रेस की रकीबा बेगम,ममता गुप्ता,अर्चना एवं पूजा मांझी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, बैठक के माध्यम से कांग्रेस ने एक ओर स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे को लेकर जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया,वहीं दूसरी ओर आगामी नगर पालिका चुनाव के लिए वार्ड एवं बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की रणनीति तैयार की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur