पटना क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता ने ग्रहण की भाजपा की प्राथमिक सदस्यता, भाजपा ने इसे संगठन विस्तार और बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया
-संवाददाता-
कोरिया,07 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले के पटना क्षेत्र की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता अफरोज खान ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली,भाजपा मंडल अध्यक्ष रामलखन यादव ने इसकी जानकारी सबसे पहले सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की,इसके बाद एक अन्य मुस्लिम समुदाय के युवा के भी भाजपा की सदस्यता लेने की जानकारी सामने आई, राजनीतिक दृष्टि से अफरोज खान का भाजपा में शामिल होना इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि वे मुस्लिम समुदाय से आते हैं,भाजपा नेताओं का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति का दल परिवर्तन नहीं,बल्कि पार्टी की नीतियों और कार्यशैली के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है। भाजपा मंडल अध्यक्ष रामलखन यादव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तथा संगठन की कार्यशैली से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उनका कहना है कि अब मुस्लिम समुदाय के युवाओं में भी भाजपा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है,अफरोज खान के भाजपा में शामिल होने के बाद क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि आने वाले समय में मुस्लिम समुदाय के कुछ अन्य युवा भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है,राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े लोगों का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला जारी रहता है तो इसका असर आगामी चुनावों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है,वहीं कांग्रेस की ओर से इस घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है,ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस राजनीतिक बदलाव को किस तरह लेती है और संगठन स्तर पर क्या रणनीति अपनाती है,अफरोज खान के भाजपा प्रवेश को भाजपा संगठन अपने जनाधार के विस्तार के रूप में प्रस्तुत कर रहा है, जबकि राजनीतिक जानकार इसे कोरिया जिले की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के संकेत के रूप में भी देख रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur