Breaking News

सूरजपुर@ रामानुजनगर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई : सागौन तस्करी की कोशिश नाकाम,चार लट्ठों से लदा पिकअप जब्त,आरोपी फरार

Share

मुखबिर की सूचना पर आधी रात जंगल में घेराबंदी…वन अमले ने दिखाई तत्परता…
वन संपदा की सुरक्षा के लिए रात्रिकालीन गश्त का असर, अवैध काष्ठ परिवहन करने वालों पर विभाग की सख्ती
-संवाददाता-
सूरजपुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध काष्ठ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन के लट्ठों से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रात्रिकालीन गश्त के दौरान की गई,वन विभाग की सक्रियता के चलते अवैध काष्ठ परिवहन की कोशिश विफल हो गई, हालांकि मौके का फायदा उठाकर लकड़ी लोड कर रहे आरोपी अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार होने में सफल रहे। विभाग ने वाहन एवं जब्त वनोपज को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए भारतीय वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही हरकत में आया वन अमला
वन विभाग के अनुसार 2 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में अवैध रूप से सागौन काष्ठ का परिवहन किया जा रहा है,सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्राधिकारी पूजा यादव ने तत्काल वनकर्मियों की टीम गठित कर क्षेत्र में सघन रात्रिकालीन गश्त के निर्देश दिए,टीम को संभावित मार्गों पर निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए भेजा गया।
परिवहन के लिए नहीं मिला कोई वैध दस्तावेज-वन विभाग द्वारा वाहन चालक से पूछताछ की गई,लेकिन वह सागौन काष्ठ के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुज्ञप्ति,परिवहन पास अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका,दस्तावेजों के अभाव में विभाग ने तत्काल वाहन सहित काष्ठ को जब्त कर लिया, वन अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध वनोपज परिवहन का प्रतीत होने पर भारतीय वन अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।
वनकर्मियों की सतर्कता से मिली सफलता-इस पूरी कार्रवाई में वनरक्षक राहुल साहू, सुनील कुमार तथा बिजेश्वर सिंह ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही,वन विभाग ने टीम की तत्परता और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई के कारण बड़ी मात्रा में अवैध वनोपज का परिवहन रोका जा सका।
वन विभाग ने दी कड़ी चेतावनी-वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि रामानुजनगर वन परिक्षेत्र सहित जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध कटाई और वनोपज के अवैध परिवहन को रोकने के लिए रात्रिकालीन गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तड़के तीन बजे जंगल की ओर जा रहे वाहन पर दी दबिश
वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही थी। इसी दौरान 3 अगस्त की सुबह लगभग तीन बजे परिसर छिंदिया क्षेत्र में एक पिकअप वाहन संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल की ओर जाता दिखाई दिया। वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर वनकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी की और दबिश दी। मौके पर वाहन क्रमांक सीजी-15 एसी-1294 में सागौन प्रजाति के चार नग लट्ठे लोड पाए गए, वनकर्मियों को देखकर वाहन में लकड़ी लोड कर रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। टीम ने उनका पीछा करने का प्रयास किया,लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके।
जब्त वाहन और वनोपज सुरक्षित अभिरक्षा में…
कार्रवाई के बाद जब्त पिकअप वाहन और सागौन काष्ठ को वन परिक्षेत्र कार्यालय रामानुजनगर लाकर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है,विभाग अब फरार आरोपियों की पहचान करने तथा लकड़ी के स्रोत का पता लगाने में जुट गया है,साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी की कटाई किस स्थान से की गई और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
वन संरक्षण के लिए जनसहयोग की अपील
वन विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध कटाई,लकड़ी का भंडारण अथवा अवैध परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, विभाग का कहना है कि जनसहयोग से ही वन संपदा की प्रभावी सुरक्षा संभव है और जंगलों को अवैध दोहन से बचाया जा सकता है,वन विभाग का मानना है कि इस प्रकार की सतत कार्रवाई न केवल वन तस्करों पर अंकुश लगाएगी,बल्कि जिले में वन संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक संदेश देगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर …

Leave a Reply