जिला अभिभावकगण संघ का आरोप…चुनिंदा अभिभावकों से सहमति लेकर थोपा गया फैसला,महंगी किताबों से बढ़ रहा आर्थिक बोझ; जिला शिक्षा अधिकारी से कार्रवाई की मांग…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला प्रशासन द्वारा निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकें अनिवार्य रूप से संचालित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद शहर के दो प्रमुख निजी विद्यालयों—हॉली क्रॉस स्कूल और मोंट फोर्ट स्कूल—पर इन निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में जिला अभिभावकगण संघ,सरगुजा ने जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ के अध्यक्ष नीलेश सिंह ने शिकायत में कहा है कि जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद दोनों विद्यालयों में महंगी प्राइवेट पब्लिकेशन की पुस्तकें पढ़ाई जा रही हैं। आरोप है कि इससे न केवल प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना हो रही है, बल्कि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी डाला जा रहा है।
चुनिंदा अभिभावकों की बैठक कर लिया गया फैसला
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय प्रबंधन ने हाल ही में केवल कुछ चुनिंदा और करीबी अभिभावकों की बैठक बुलाकर प्राइवेट पब्लिकेशन की किताबें जारी रखने के पक्ष में सहमति दर्शा दी। संघ का कहना है कि अधिकांश अभिभावकों से कोई राय नहीं ली गई,फिर भी इसे सभी की सहमति बताकर निर्णय लागू कर दिया गया।
आर्थिक शोषण और आदेशों की अनदेखी का आरोप
जिला अभिभावकगण संघ का कहना है कि प्राइवेट पब्लिकेशन की किताबें और अन्य शिक्षण सामग्री एनसीईआरटी की तुलना में काफी महंगी होती हैं। इससे हर वर्ष अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है। संघ ने इसे शिक्षा के व्यावसायीकरण का उदाहरण बताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
डीईओ से ये मांगी गई कार्रवाई
संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि दोनों विद्यालयों में तत्काल जांच कराई जाए,जिला प्रशासन के निर्देशों के विपरीत संचालित की जा रही प्राइवेट पब्लिकेशन की पुस्तकों पर रोक लगाई जाए तथा यदि आदेशों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur