सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को लिखा पत्र,बोले…गड्ढों से हादसों का खतरा,जल्द हो निर्माण
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर के बाहरी हिस्से में बनारस रोड को प्रतापपुर रोड से जोड़ने वाली डिगमा-सरगवां सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर एक बार फिर सड़क निर्माण की मांग तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं वर्ष 2023 के विधायक प्रत्याशी रहे सुजान बिंद ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर विगत डेढ़ दशक से जर्जर इस मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है। सुजान बिंद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि डिगमा-सरगवां सड़क अंबिकापुर शहर के किनारे स्थित होने के कारण रिंग रोड (बाईपास) के रूप में उपयोग की जाती है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 12 टन क्षमता वाली इस सड़क पर 40 से 50 टन तक भार वाले ट्रकों का आवागमन हो रहा है, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क के किनारे भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) का गोदाम,स्कूल और कॉलेज स्थित हैं। इसके कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के चलते कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने 24 जुलाई को चक्का जाम कर अपना विरोध भी दर्ज कराया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सुजान बिंद ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से डिगमा-सरगवां सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा है कि इससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में लंबे समय से बनी समस्या का समाधान हो सकेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur