Breaking News

सुकमा@कोन्टा पुलिस ने 223 किलो गांजा सहित 3 तस्कर पकड़े

Share

  • फर्जी नंबर प्लेट वाली क्रेटा से राजस्थान ले जाई जा रही थी करोड़ों की खेप
  • पुलिस की बड़ी सफलता : 1 करोड़ से अधिक के गांजे की तस्करी नाकाम


सुकमा,28 जुलाई 2026। सुकमा जिले की कोन्टा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान के भीलवाड़ा जा रहे थे।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फर्जी नंबर प्लेट लगी क्रेटा कार, तीन मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 27 लाख 26 हजार 600 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार,28 जुलाई की रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की क्रेटा कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर मलकानगिरी से कोन्टा होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर
थाना कोन्टा पुलिस ने कृष्ण मंदिर चौक, ढोंढरा में नाकाबंदी की। जांच के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से 110 पैकेटों में भरा 223.020 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 11 लाख 50 हजार रुपए है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दुर्गा शंकर खारोल (19),मनीष खारोल (21) और रामदेव खारोल (23) निवासी भीलवाड़ा,राजस्थान के रूप में बताई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मलकानगिरी से गांजा खरीदकर राजस्थान में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहे थे।
जांच में खुला फर्जी नंबर प्लेट का खेल
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को क्रेटा कार की नंबर प्लेट संदिग्ध लगी। इंजन और चेसिस नंबर का सत्यापन करने पर पता चला कि वाहन पर ओडिशा का फर्जी नंबर लगाया गया था, जबकि कार का वास्तविक पंजीयन राजस्थान का है। पुलिस का मानना है कि आरोपी पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(सी),29 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अब पुलिस गांजे के स्रोत,सप्लाई नेटवर्क और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
टीम की रही अहम भूमिका
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की और एसडीओपी प्रशांत देवांगन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद तिवारी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना कोन्टा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share

Check Also

सुकमा@सुकमा में नक्सलियों का हथियार और डंप बरामद

Share इंसास और एसएलआर हथियार के कारतूस भी मिले,सरेंडर्ड नक्सलियों ने बताया था ठिकाना सुकमा,06 …

Leave a Reply