Breaking News

अम्बिकापुर@ रविदास जयंती पर भाजपा का समरसता अभियान शुरू,विपक्ष पर भी साधा निशाना

Share


प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी बोले…संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बनाएंगे अभियान का आधार…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जुलाई 2026 (घटती-घटना)
। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को भाजपा इस बार केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखेगी,बल्कि इसे सामाजिक समरसता और वैचारिक अभियान के रूप में पूरे देश में चलाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने सोमवार को संकल्प भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक पार्टी देशभर में संत रविदास के जीवन, दर्शन और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया,प्रदेश प्रवक्ता एवं संत रविदास जयंती कार्यक्रम के जिला प्रभारी संतोष दास,जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह, गुरु पूर्णिमा जिला प्रभारी विद्यानंद मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी रूपेश दुबे,जन्मेजय मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। अखिलेश सोनी ने कहा कि भाजपा स्वयं को केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन मानती है। उनका कहना था कि पार्टी का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम’ और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण है। संत रविदास का जीवन सामाजिक भेदभाव मिटाने, समानता स्थापित करने और समाज को जोड़ने की प्रेरणा देता है। आज के समय में उनके विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं और भाजपा इन्हें समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
देशभर में चलेगा अभियान,कलश यात्रा और जनसंपर्क होंगे : उन्होंने बताया कि अभियान के तहत देशभर में कलश यात्राएं निकाली जाएंगी, छात्रावासों और सामाजिक संस्थाओं में संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा संत रविदास के जीवन-दर्शन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ भाजपा की टीम प्रदेश के सभी 36 संगठनात्मक जिलों का दौरा कर सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और समावेशिता का संदेश देगी।
विपक्ष पर लगाया समाज को बांटने का आरोप : पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश सोनी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक शक्तियां जाति और भेदभाव की राजनीति कर समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रही हैं, जबकि भाजपा सामाजिक न्याय, समान अवसर और समरसता के आधार पर समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और अवसर पहुंचाने की प्रतिबद्धता पर आधारित है।
सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं…
प्रदेश महामंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों के विकास से लेकर समाज के वंचित वर्गों को प्रतिनिधित्व देने तक कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज से राष्ट्रपति का चयन और विभिन्न राज्यों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के नेतृत्व को अवसर मिलना भाजपा की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संत रविदास के संदेश को समाज तक पहुंचाने का संकल्प
अखिलेश सोनी ने कहा कि संत रविदास केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के प्रतीक हैं। उनके विचार जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता,सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं। भाजपा कार्यकर्ता आगामी एक वर्ष तक गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।


Share

Check Also

भानुप्रतापपुर@खाद नहीं मिलने से किसानों का फूटा गुस्सा ढाई घंटे तक किया चक्काजाम,प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

Share भानुप्रतापपुर,28 जुलाई 2026। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर के ग्राम केंवटी लैम्प्स में रासायनिक खाद …

Leave a Reply