
पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन,नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी सहित कई मांगें उठाईं
-संवाददाता-
बैकुंठपुर/कोरिया,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बैकुंठपुर में आदिवासी समाज की एक युवती की आत्महत्या के मामले में दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने शुक्रवार को जिला प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष मजबूती से रखा,पूर्व विधायक एवं सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक गुलाब कमरो के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में सदस्यों ने कोरिया कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा मामले में निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की,प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे आदिवासी समाज की भावनाओं से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्रशासन बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग-सर्व आदिवासी समाज ने ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की रखी,समाज का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो इससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका बढ़ेगी,इसलिए पुलिस बिना विलंब किए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई करे।
आईसी मार्ट के अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच हो- प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से आईसी मार्ट के कथित अवैध निर्माण की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, समाज ने कहा कि यदि निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए- सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि किसी प्रकार का भय या दबाव उनके ऊपर न रहे, समाज का कहना है कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल अपराध की जांच तक सीमित नहीं है,बल्कि पीडि़त परिवार को हर स्तर पर संरक्षण और सहयोग मिलना भी आवश्यक है।
निष्पक्ष जांच कर दोषियों को मिले कठोर दंड- ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए। समाज ने कहा कि ऐसी घटनाओं में त्वरित न्याय न केवल पीडि़त परिवार को राहत देता है, बल्कि समाज में कानून के प्रति विश्वास भी मजबूत करता है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी-प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि यदि मामले में समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो सर्व आदिवासी समाज लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। समाज ने कहा कि न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
‘आदिवासी बेटी को न्याय मिले’ का बुलंद हुआ स्वर-ज्ञापन सौंपते समय समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने और दोषियों को कानून के दायरे में लाने की है, उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि आदिवासी समाज अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए एकजुट है।
बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद-ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक एवं सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक गुलाब कमरो, सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कंवर समाज के जिलाध्यक्ष मनियार सिंह, आदिवासी कांग्रेस एमसीबी के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह,जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल,जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा,डॉ. आर.एस. चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक, सुरेश इक्का सहित सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य समाजों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur