नई दिल्ली,01 जुलाई 2026। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरु में एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में विदेशी मूल का लगभग 9 किलो सोना, 42 किलो चांदी, 700 ग्राम सोने के गहने, 8.15 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा और 26.67 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई ने बुधवार को बताया कि गिरोह पूर्वोत्तर राज्यों से दिल्ली तक अलग-अलग ट्रेनों से तस्करी कर सोना लाता था। तस्करों ने दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाके में सोना गलाने की अवैध इकाई भी चला रखी थी। 26 जून को डीआरआई अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के न्यू कूचबिहार रेलवे स्टेशन और बिहार के मंसी जंक्शन पर दो तस्करों को पकड़ा, जिनके पास से करीब 2 किलो सोना मिला। इसी दिन दिल्ली में भी दो लोगों को 1.2 किलो सोने के साथ पकड़ा गया।
इन गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली में अवैध सोना गलाने की इकाई का पता चला। उसी दिन एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने एक महिला तस्कर को पकड़ा, जो मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही थी। उसके पास से कमरबंद में छिपाकर रखी गई सोने की 20 ईंटें मिलीं, जिनका वजन 3.3 किलो था। चेन्नई में डीआरआई ने घरेलू हवाई मालवाहक सेवा के जरिए विदेशी मुद्रा की तस्करी का बड़ा रैकेट पकड़ा। यहां से 7,58,500 अमेरिकी डॉलर और 35 लाख थाई बाहट बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 8.15 करोड़ रुपये है। जांच में पता चला कि यह विदेशी मुद्रा भारत से बाहर भेजी जा रही थी और इसका इस्तेमाल सोना-चांदी की तस्करी के लिए किया जा रहा था। बेंगलुरु हवाई अड्डे पर डीआरआई ने एक व्यक्ति को दुबई से लौटते समय पकड़ा, जिसके पास से 1.8 किलो सोना मिला। उसके घर से 42 किलो चांदी, 700 ग्राम सोने के गहने और 26.67 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। डीआरआई ने कहा कि यह कार्रवाई साबित करती है कि विदेशी मुद्रा की अवैध खरीद-फरोख्त और उसका बाहर भेजा जाना सीधे तौर पर सोना-चांदी की तस्करी से जुड़ा हुआ है। एजेंसी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आठ लोगों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच में और खुलासे हो सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur