पुणे,24 जून 2026। पुणे के लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान हुई 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है। शुरुआत में इसे एक साधारण दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच ने इस मामले में एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने मिलकर केतन को अपने रास्ते से हटाने के लिए एक खौफनाक साजिश रची थी। 18 जून को हुई इस वारदात ने साबित कर दिया कि भरोसे के रिश्ते में छिपी नफरत किस हद तक घातक हो सकती है।
शादी से बचने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर बुना जाल : पुलिस जांच में पता चला कि केतन की मंगेतर सिया गोयल इस शादी के बंधन में बंधना नहीं चाहती थी। केतन को अपने रास्ते का कांटा मानकर उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसे खत्म करने की योजना बनाई। पुणे के कोंढवा इलाके के रहने वाले चेतन और सिया ने इस हत्या को ‘दुर्घटना’ का रूप देने का पूरा ताना-बाना बुना था। सगाई के बाद से ही सिया का व्यवहार बदलने लगा था और वह लगातार केतन पर लोहागढ़ किले चलने का दबाव बना रही थी। केतन की बहन संजना के अनुसार, सिया पिछले 15 दिनों में केतन को 4 बार उस किले पर ले जाने की कोशिश कर चुकी थी।
भीषण गर्मी में हुडी पहनने की गलती पड़ी भारी : हत्यारों की चतुराई उस वक्त धरी की धरी रह गई जब सीसीटीवी में उनकी एक छोटी सी चूक सामने आई। वारदात के दिन तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस था। इतनी भीषण गर्मी के बावजूद संदिग्ध युवक ने शॉर्ट्स के साथ एक मोटी हुडी पहन रखी थी। उसने हुडी की कैप से अपना चेहरा छुपाया हुआ था और कानों पर हेडफोन लगाए थे। पुलिस को यह पहनावा काफी संदिग्ध लगा। इसके अलावा, एक अन्य फुटेज में दिखा कि जैसे ही सिया ने पीछे मुड़कर देखा, हुडी पहने युवक ने तुरंत नीचे बैठने की कोशिश की, जिससे पुलिस का शक पुख्ता हो गया। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि उनकी टीम ने केतन के व्यक्तिगत रिश्तों, मोबाइल रिकॉर्ड और पैसों के लेनदेन जैसे सभी पहलुओं की गहराई से जांच की। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर सिया और चेतन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज ने खोले कातिलों के चेहरे
इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में लोहागढ़ किले के टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी फुटेज ने निर्णायक भूमिका निभाई। पुलिस ने जब फुटेज की बारीकी से जांच की, तो उन्हें केतन और सिया के पीछे एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां दिखाई दीं। इस फुटेज ने पूरी कहानी पलट दी। पुलिस को पता चला कि केतन को खाई में धकेलने के समय चेतन वहां पहले से ही घात लगाकर बैठा था। इस फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur