
कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर कार्रवाई…हथियार भी बरामद होने की चर्चा…
आरोपियों की संख्या बढ़ी,जांच में सुनियोजित साजिश के संकेत और मजबूत
रवि सिंह
कोरिया/सोनहत 23 जून 2026 (घटती-घटना)। सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है,सूत्रों के अनुसार मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है,इन गिरफ्तारियों के बाद अब इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों की संख्या बढ़ गई है, जिससे यह मामला और अधिक गंभीर तथा व्यापक साजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत होने लगा है।
दो दिनों से चल रही थी पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक पुलिस पिछले दो दिनों से मनीष त्रिपाठी,अनिल तिवारी और जितेंद्र त्रिपाठी से लगातार पूछताछ कर रही थी,बताया जा रहा है कि जांच के दौरान इन तीनों से गहन पूछताछ की गई और उन्हें थाने से घर जाने की अनुमति भी नहीं दी गई थी,पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर उनकी भूमिका की जांच कर रही थी,जानकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं,जिसके बाद पुलिस ने तीनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया,हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कॉल डिटेल ने खोले कई राज-जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है,पुलिस को आरोपियों के बीच संपर्क और घटनाक्रम से जुड़े कुछ ऐसे तथ्य मिले हैं, जिन्होंने जांच को नई दिशा दी। इन्हीं तथ्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई बताई जा रही है,हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तार आरोपियों की कथित भूमिका क्या रही और वे घटना में किस स्तर तक शामिल थे, यह जानकारी संभवतः न्यायालयीन प्रक्रिया और पुलिस की आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग के बाद सामने आएगी।
निशानदेही पर हथियार बरामद होने की चर्चा…
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए कुछ हथियार भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि डंडे और फरसा जैसे घातक हथियार जब्त किए गए हैं। हालांकि बरामदगी की पूरी सूची और उसकी फॉरेंसिक जांच संबंधी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है,विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बरामद हथियारों का संबंध घटना से स्थापित हो जाता है तो यह जांच के लिए एक महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।
सुनियोजित साजिश की ओर बढ़ रहे संकेत
लगातार हो रही गिरफ्तारियों और नए नामों के सामने आने से यह मामला अब केवल एक सामान्य आपराधिक घटना नहीं बल्कि एक सुनियोजित और पूर्व नियोजित साजिश की ओर संकेत करता दिखाई दे रहा है,जांच के शुरुआती चरण में जिन लोगों के नाम सामने आए थे, अब उसके दायरे का विस्तार होता नजर आ रहा है,हालांकि किसी भी व्यक्ति की भूमिका और दोष तय करना न्यायालय का विषय है, लेकिन अब तक की जांच से यह स्पष्ट है कि पुलिस इस मामले की परत-दर-परत पड़ताल कर रही है और नए तथ्य लगातार सामने आ रहे हैं।
अब पुलिस के आधिकारिक खुलासे का इंतजार
खबर लिखे जाने तक गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही थी,पूरे क्षेत्र की निगाहें अब पुलिस के आधिकारिक खुलासे पर टिकी हुई हैं,लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पुलिस इस बहुचर्चित हत्याकांड की साजिश,आरोपियों की भूमिका और बरामद साक्ष्यों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी। वहीं पीडि़त परिवारों और आमजन की अपेक्षा है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और वैज्ञानिक आधार पर आगे बढ़े ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur