हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास,स्वस्थ,निरोग और तनावमुक्त जीवन का लिया संकल्प
मंत्री रामविचार नेताम,विधायक भैयालाल राजवाड़े,कलेक्टर रोक्तिमा यादव,न्यायिक अधिकारियों,बिहान समूहों की महिलाओं और विद्यार्थियों ने दिया योग अपनाने का संदेश
-संवाददाता-
कोरिया/एमसीबी 21 जून 2026 (घटती-घटना)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरिया एवं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित मानस भवन में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ, वहीं जिला न्यायालय बैकुंठपुर में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग शिविर में भाग लिया, दूसरी ओर एमसीबी जिले में बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने लगभग 200 ग्राम संगठनों, ग्राम पंचायतों और अमृत सरोवरों में योग, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाकर स्वास्थ्य, पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मानस भवन में हुआ जिला स्तरीय भव्य योगाभ्यास-‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिए योग)’ थीम पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि एवं अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, उन्होंने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नेताम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली जीवनशैली है, यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो वह जीवनभर स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त रह सकता है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
योग बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय : भैयालाल राजवाड़े- बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि योग हजारों वर्षों पुरानी भारतीय परंपरा है, जिसे मानव कल्याण के लिए विकसित किया गया, उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी और सरल उपाय है, उन्होंने लोगों से अपने घरों में नियमित योगाभ्यास करने की अपील की।
योग जीवन को नई दिशा देने वाला अनुशासन : रोक्तिमा यादव-कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि योग जीवन को नई दिशा देने वाला अनुशासन है, यह केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, उन्होंने जिलेवासियों से प्रतिदिन कम से कम 40 से 50 मिनट योग के लिए समय निकालने का आग्रह किया।
योगाचार्य ने कराया विभिन्न आसनों का अभ्यास-कार्यक्रम में योगाचार्य द्वारा ग्रीवा चालन, हस्त चालन, कटि चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, मंडूकासन, दण्डासन, पद्मासन, अर्धहलासन, उत्तानपादासन, भुजंगासन, शलभासन एवं शशांकासन सहित अनेक योगासन कराए गए। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे, जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े, वनमंडलाधिकारी प्रभाकर खलखो, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
जिला न्यायालय में भी गूंजा योग का संदेश-विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर में भी योग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश समीर कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अमृता दिनेश मिश्रा, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी प्रेरणा आहिरे, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी ओम चौहान सहित न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सदस्य उपस्थित रहे, योग प्रशिक्षक कृष्ण कुमार राजवाड़े ने सभी को योगाभ्यास कराया, इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश समीर कुमार ने कहा कि मन और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग को दैनिक जीवन में शामिल करना आवश्यक है, उन्होंने न्यायालय परिवार को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
बिहान समूहों की दीदियों ने दिया स्वास्थ्य, पोषण और आत्मनिर्भरता का संदेश- एमसीबी जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाओं ने विश्व योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए लगभग 200 ग्राम संगठनों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों एवं सामुदायिक परिसरों में सामूहिक योगाभ्यास किया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं ने योग के साथ स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भाग लिया, ग्राम पंचायत बरबसपुर, बड़कबहरा, हंसपुर, कछोड़ सहित अनेक गांवों में महिलाओं ने ग्रामीणों को योग के लाभ बताए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया, मनेंद्रगढ़ विकासखंड के शंकरगढ़ स्थित अमृत सरोवर तथा सिरौली के नीम तालाब में योगाभ्यास के साथ स्वच्छता और जल संरक्षण संबंधी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, महिलाओं ने योग को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
पोषण और पर्यावरण संरक्षण पर भी दिया जोर- बिहान समूहों की महिलाओं ने मुनगा (सहजन) पाउडर, रागी आटा, रोस्टेड चना, कुल्थी दाल सहित पोषणयुक्त उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, साथ ही जामुन, तेंदू एवं अन्य स्थानीय फलदार वृक्षों के पोषण एवं औषधीय महत्व की जानकारी देते हुए इनके संरक्षण का संदेश दिया, कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषक उन्नति योजना, किसान समृद्धि योजना सहित विभिन्न कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की गई।
स्वस्थ,समृद्ध और जागरूक समाज निर्माण का संकल्प
विश्व योग दिवस पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ,निरोग और तनावमुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया, जनप्रतिनिधियों,प्रशासनिक अधिकारियों, न्यायिक अधिकारियों,विद्यार्थियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की व्यापक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं,बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की सशक्त जीवनशैली है, कोरिया और एमसीबी जिले में विश्व योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों ने योग, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और आत्मनिर्भरता के समन्वित संदेश के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक नई चेतना का संचार किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur