-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जून 2026 (घटती-घटना)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर द्वारा ‘स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग’ विषय पर दो दिवसीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग, प्राणायाम, म्यूजिकल एक्सरसाइज और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के पहले दिन ब्रह्माकुमारीज सरगुजा संभाग की संचालिका बीके विद्या दीदी ने योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है। ऋषि-मुनियों ने योग के माध्यम से अपने तन और मन को स्वस्थ रखा। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में लोग योग, प्राणायाम, व्यायाम और ध्यान से दूर होते जा रहे हैं। अव्यवस्थित दिनचर्या के कारण शारीरिक और मानसिक तनाव बढ़ रहा है। नियमित योग और ध्यान को जीवन में शामिल कर व्यक्ति अपने कार्य करने की क्षमता को बढ़ा सकता है। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के संचालक अजय तिवारी द्वारा प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, वहीं बीके ज्योति बहन ने म्यूजिकल एक्सरसाइज के माध्यम से स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मक सोच का अनुभव कराया। योग दिवस के दूसरे दिन भी कार्यक्रम में म्यूजिकल एक्सरसाइज और योगाभ्यास कराया गया।
बीके विद्या दीदी ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से तन और मन को संतुलित रखने के उपाय बताए तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा भी दिलाई। इसके बाद पीजी कॉलेज ग्राउंड में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों सहित बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवन शैली, सकारात्मक सोच और नियमित योग के प्रति जागरूक करना रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur