गाजियाबाद,20 जून 2026। नीट-यूजी परीक्षा के दबाव में छात्रों के आत्महत्या करने का सिलसिला थम ही नहीं रहा है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 साल के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। यह जघन्य कदम उठाने से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत की वजह बयां की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा पास करने की कोशिश कर रहा था। लगातार कई प्रयासों के बाद भी सफलता न मिलने से वह बेहद तनाव में था। गुरुवार की रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढऩे के लिए गया था। अगली सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए। इस दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन में एक वीडियो मिला, जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने कहा कि वह कई प्रयासों के बाद भी नीट परीक्षा पास नहीं कर पाया, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में था। वीडियो में उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur