इंदौर,19 जून 2026। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के भंवरकुआं थाना इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक 22 साल की छात्रा की तीसरी मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। गंभीर हालत में छात्रा को पहले एक निजी अस्पताल और फिर एमवाय हॉस्पिटल ले जाया गया,जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान अवंतिका मौर्य के रूप में हुई है, जो धार जिले की रहने वाली थी। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अवंतिका भंवरकुआं की धाकड़ कॉलोनी में एक निजी बिल्डिंग के फ र्स्ट फ्लोर पर अपनी बड़ी बहन डॉ. सपना मौर्य के साथ रह रही थी। गुरुवार की रात करीब साढे ग्यारह बजे वह मोबाइल फोन पर अपनी चचेरी बहन से बात कर रही थी। बातचीत के दौरान ही वह सीढि़यां चढ़ते हुए तीसरी मंजिल की छत पर चली गई और वहां से अचानक नीचे आ गिरी। तेज आवाज सुनकर बिल्डिंग के लोग और सुरक्षाकर्मी बाहर भागे। अवंतिका के नीचे गिरते ही गेट पर खड़ा एक युवक दौड़कर उसके पास पहुंचा और तुरंत एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी गई। अवंतिका की बड़ी बहन डॉ. सपना ने पुलिस को बताया कि वह पिछले तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी, लेकिन तीन बार परीक्षा पास नहीं कर पाई थी। इस बार उसका पेपर काफी अच्छा गया था और उसे डॉक्टर बनने की पूरी उम्मीद थी। लेकिन हाल ही में परीक्षा विवाद और पेपर रद्द होने की खबरों के बाद से वह गहरे डिप्रेशन यानी तनाव में चली गई थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur