
पीडब्ल्यूडी सचिव ने की सड़कों और पुल परियोजनाओं की समीक्षा
विधायक भैयालाल राजवाड़े और कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने रखे जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव
सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण और बायपास परियोजनाओं पर बनी सहमति, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
-रवि सिंह-
बैकुंठपुर,18 जून 2026(घटती-घटना)। कोरिया जिले में अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को बैकुंठपुर स्थित सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभाग के प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े,कलेक्टर रोक्तिमा यादव,लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता विजय कुमार भतपहरी सहित लोक निर्माण एवं सेतु विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे,बैठक में जिले की प्रमुख सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
खरवत चौक से जमगहना तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क को मिली प्राथमिकता-समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने वर्ष 2026-27 की प्राथमिकता सूची के अंतर्गत खरवत चौक (एनएच-43) से गेज नदी पुल होते हुए जमगहना मुख्य मार्ग तक लगभग 13 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण परियोजना का प्रस्ताव रखा, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 9,648.27 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया, कलेक्टर ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था मजबूत होगी तथा जिले के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
बिशुनपुर-सलका-बैकुंठपुर बायपास मार्ग के लिए मांगी गई स्वीकृति
बैठक में वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट में शामिल बिशुनपुर से सलका-बैकुंठपुर बायपास मार्ग निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई, लगभग 7.70 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण हेतु पुल-पुलिया सहित 700 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है,परियोजना के लिए 2,284.07 लाख रुपये का विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया गया है,जिसकी प्रशासकीय स्वीकृति के लिए सचिव से अनुरोध किया गया।
जनहित में…
प्रमुख प्रस्ताव एक नजर में…
खरवत चौक से जमगहना तक 13 किमी फोरलेन सड़क — 96.48 करोड़
बिशुनपुर-सलका-बैकुंठपुर बायपास मार्ग — 7.70 किमी
बैकुंठपुर-चोटिया दो लेन सड़क निर्माण
दुधनियाकला में 3 किमी ग्रामीण सड़क निर्माण
खंधौरा-सोस मार्ग पर गेज नदी में उच्चस्तरीय पुल — 7.73 करोड़
सोस-चिरमी मार्ग पर गेज नदी में पुल — 6.50 करोड़
आनंदपुर-दसेर मार्ग पर दसेर नदी में पुल — 8.50 करोड़
सोनहत में नए सर्किट हाउस निर्माण का प्रस्ताव
बैकुंठपुर-चोटिया मार्ग सहित ग्रामीण
सड़कों के निर्माण पर भी हुई चर्चा…
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने वर्ष 2025-26 की प्राथमिकता सूची में शामिल बैकुंठपुर से चोटिया मार्ग के दो लेन एवं पेव शोल्डर निर्माण कार्य को भी स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया,इसके अलावा दुधनियाकला क्षेत्र में दिनेश किराना दुकान से संतोषी मंदिर एवं थाडपाथर देव स्थल तक लगभग तीन किलोमीटर ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता देने की मांग की गई, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना में बैकुंठपुर-भैयाथान-प्रतापपुर-बलरामपुर मार्ग शामिल करने का प्रस्ताव
बैठक में वर्ष 2026-27 की द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना के अंतर्गत बैकुंठपुर-भैयाथान-प्रतापपुर-बलरामपुर मार्ग के निर्माण,उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य का प्रस्ताव भी रखा गया,अधिकारियों का मानना है कि यह मार्ग क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ व्यापार, परिवहन और पर्यटन गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।
गेज नदी पर दो बड़े पुलों के निर्माण से हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
समीक्षा बैठक में जिले की महत्वपूर्ण पुल परियोजनाओं पर विशेष फोकस रहा,कलेक्टर ने जानकारी दी कि खंधौरा से सोस मार्ग पर गेज नदी में 773.30 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित उच्चस्तरीय पुल के निर्माण से जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी, इस परियोजना से 11 गांवों के करीब 12 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षभर सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा,इसी प्रकार सोस से चिरमी मार्ग पर गेज नदी में 650 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य से सात गांवों के लगभग 12 हजार ग्रामीण लाभान्वित होंगे। इस पुल के बनने से जिला मुख्यालय की दूरी करीब 15 किलोमीटर कम हो जाएगी।
दसेर नदी पर प्रस्तावित पुल से सात गांवों को मिलेगा सीधा लाभ…
आनंदपुर-दसेर मार्ग पर दसेर नदी में 850 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया,कलेक्टर ने बताया कि इस पुल के निर्माण से दसेर ग्राम सहित आसपास के सात गांवों के दो हजार से अधिक ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी, बरसात के दौरान संपर्क बाधित होने की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी।
सोनहत में सुसज्जित सर्किट हाउस निर्माण की मांग…
बैठक के दौरान कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सोनहत विकासखंड मुख्यालय में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से एक आधुनिक एवं सुसज्जित सर्किट हाउस निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया,उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों और अधिकारियों के आवागमन को देखते हुए सर्किट हाउस की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
विधायक भैयालाल राजवाड़े ने बताया जनता की वर्षों पुरानी मांग…
बैठक में विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण जिलेवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है, इन परियोजनाओं के पूरा होने से आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी,उन्होंने कहा कि सड़क और पुल निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि आर्थिक विकास, शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार से भी सीधे जुड़ा हुआ विषय है।
सचिव ने अधिकारियों को दिया गुणवत्ता और समय-सीमा के निर्देश
समीक्षा बैठक के अंत में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विधायक एवं कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए,उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रक्रिया का पूर्णतः पालन करते हुए एकीकृत प्राक्कलन तैयार किया जाए ताकि निविदा प्रक्रिया समय पर प्रारंभ हो सके,सचिव ने लोक निर्माण एवं सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने,फील्ड स्तर पर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा और मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur