प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम होंगे मुख्य अतिथि,‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर होगा आयोजन
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,18 जून 2026 (घटती-घटना)। 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर स्थित मानस भवन में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा,प्रातः 7 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे,आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों-कर्मचारियों,सामाजिक संगठनों,युवाओं, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ है इस वर्ष की थीम
जिला आयुष अधिकारी डॉ. एल्विना ग्रेस टोप्पो ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ निर्धारित की गई है,आयुष मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा,उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति का समग्र स्वास्थ्य बेहतर होता है।
योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं-कलेक्टर
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मूल आधार है और इसे केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक,मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य मजबूत होता है। वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी और सरल उपायों में से एक है, कलेक्टर ने नागरिकों से स्वयं योग अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार होगा सामूहिक योगाभ्यास
डॉ. एल्विना ग्रेस टोप्पो ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी,इसके साथ ही आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा,कार्यक्रम में विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान संबंधी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
योग संगम पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य
आयुष विभाग ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा ‘योग संगम पोर्टल-2026’ प्रारंभ किया गया है,इस पोर्टल के माध्यम से स्थानीय निकायों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्तशासी संस्थाओं,ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों तथा नगर पालिकाओं को अपने योग दिवस कार्यक्रमों का पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है,कार्यक्रम संपन्न होने के बाद आयोजन का विवरण एवं फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा, इससे देशभर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों का समेकित दस्तावेजीकरण किया जा सकेगा।
व्हाट्सऐप के माध्यम से भी मिलेगी योग प्रशिक्षण सामग्री
आयुष विभाग ने बताया कि इच्छुक नागरिक व्हाट्सएप के माध्यम से निःशुल्क योग प्रशिक्षण सामग्री,वीडियो तथा योग सत्रों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक योग को पहुंचाना तथा उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना है।
संस्थाओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
जिला आयुष विभाग ने सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, नगरीय निकायों,ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं से अधिकाधिक संख्या में योग संगम पोर्टल पर पंजीयन कराने और योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन करने की अपील की है, विभाग का मानना है कि सामूहिक सहभागिता से योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को और मजबूती मिलेगी।
छत्तीसगढ़ योग आयोग के प्रशिक्षक देंगे प्रशिक्षण
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में योगाभ्यास प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण के लिए छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा चिन्हित योग प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी, जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा नामित योग प्रशिक्षक डॉ. रमाकांत कुर्रे एवं अनिल शर्मा प्रतिभागियों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, उनके मार्गदर्शन में उपस्थित लोग योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास करेंगे।
कार्यक्रम एक नजर में…
आयोजन : 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तिथि : 21 जून 2026
समयः प्रातः 7 बजे
स्थान : मानस भवन, बैकुण्ठपुर
मुख्य अतिथि : प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम
थीम : ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’
विशेष आकर्षण : सामूहिक योगाभ्यास,योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur