नाबालिग समेत दो गिरफ्तार,राजस्थान में होनी थी गांजा की सप्लाई
सक्ती,18 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में गुरुवार को पुलिस ने ट्रेलर से करीब 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपए गांजा बरामद किया है। ट्रेलर में 8 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए कुल 40 पैकेटों में 208.965 किलोग्राम गांजा रखा गया था। गांजा को ओडिशा से लोडकर छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान ले जाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी फगुरम और थाना डभरा पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम को 17 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा भरकर ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन कर ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के सामने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध टाटा सिगना ट्रेलर क्रमांक आरजे09जीसी 5216 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रेलर में रखी 8 प्लास्टिक बोरियों से कुल 40 पैकेट गांजा बरामद किया गया। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम था। जब्त गांजा का कुल वजन 208.965 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ट्रेलर में भरा फ्लोर्सपार पाउडर, जिसकी कीमत 21 लाख 42 हजार 210 रुपये है, तथा आरोपियों के कब्जे से मिले वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये आंका गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले के थाना जेवाजा क्षेत्र निवासी अर्पित सिंह (20 वर्ष), पिता रमेश सिंह तथा उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के बाद पुलिस ने ट्रेलर में सवार लोगों से गांजा परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। पूछताछ में भी उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले के जेवाजा थाना क्षेत्र के रहने वाले अर्पित सिंह (20) को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी मामले में पकड़ा गया।दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह बड़ी खेप किसके लिए भेजी जा रही थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur