Breaking News

सूरजपुर@बिजली बिल पर कांग्रेस का हल्लाबोल, CSPDCL कार्यालय का घेराव,मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Share


विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस,कहा…महंगाई से त्रस्त जनता पर सरकार डाल रही अतिरिक्त बोझ


-संवाददाता-
सूरजपुर,17 जून 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश में विद्युत दरों में की गई बढ़ोत्तरी को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है,बिजली की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन की शुरुआत केतका रोड से हुई, यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए, कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड कार्यालय पहुंची, रास्ते भर प्रदर्शनकारी बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग करते रहे,रैली में शामिल लोगों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली बिलों में वृद्धि आम परिवारों के लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन रही है।
मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर जताया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विद्युत दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया,कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सरकार को जनता की समस्याओं की चिंता करने के बजाय राजस्व बढ़ाने की चिंता है,पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी आवश्यकता को सरकार आमदनी का माध्यम बना रही है, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
महंगाई के बीच बिजली दर बढ़ाना जनता के साथ अन्यायःशशि सिंह
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शशि सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल,गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से परेशान है, उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, शशि सिंह ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा को सरकार ने कमाई का साधन बना लिया है, जबकि जनता लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रही है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के खिलाफ किसी भी निर्णय का विरोध करती रहेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
बिजली दरें वापस लेने की मांग,अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की गई, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जनता को राहत देने के प्रति गंभीर है तो सबसे पहले बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करे।
राजनीतिक संदेश भी,जनहित का मुद्दा भी…
बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का यह प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आगामी दिनों में प्रदेश की राजनीति में उभरने वाले एक बड़े जनमुद्दे का संकेत भी माना जा रहा है, अब देखना होगा कि सरकार इस विरोध को किस तरह लेती है और बिजली दरों को लेकर जनता को राहत देने के लिए कोई कदम उठाती है या नहीं।
यह सिर्फ शुरुआत है,कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी,चक्का जाम और जिलेव्यापी आंदोलन का ऐलान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान प्रदर्शन केवल आंदोलन का प्रारंभिक चरण है, यदि सरकार ने बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पूरे जिले में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर चक्का जाम,धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक आंदोलन किए जाएंगे, उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद,जिला संगठन ने दिखाई एकजुटता
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के अलावा महामंत्री संजय दोसी, इस्माइल खान, विद्यासागर सिंह, सुनील अग्रवाल, परवेश गोयल, महेंद्र साहू, अरविंद यादव, लवकेश गुर्जर, संतोष पावले, प्रदीप साहू, विक्की समद्दार, अविनाश साहू, चंद्रदत्त दुबे, सुनील सारथी, वेद प्रकाश मिश्रा, रोहन राजवाड़े, अभिकेश सिंह, शक्ति ठाकुर, अजय सोनवानी, लिवनेश सिंह, इमरान अंसारी, दुर्गा टेकाम, सोनू खान, राकेश, छत्रपाल, सुंदर, घूरन प्रजापति, संदीप सिंह, लिली राजवाड़े, जरीना सुल्ताना, प्रेम राजवाड़े, समीर सिंह, आशीष सिंह, सुनील प्रजापति, पारस राजवाड़े, जमील अहमद, राहुल सुनहरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
सीएसपीडीसीएल कार्यालय का घेराव…जमकर हुई नारेबाजी
बिजली विभाग कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरना देते हुए घेराव किया, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और विद्युत दर वृद्धि को वापस लेने की मांग की, प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों तथा प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक की स्थिति भी बनी, हालांकि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शासकीय कर्तव्य अवधि में निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों पर होगी कार्रवाई

Share मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय के चिकित्सकों को जारी किए गए निर्देश…-संवाददाता-अम्बिकापुर,17 जून 2026 …

Leave a Reply