नगर पंचायत बनने के बाद पहली परिषद का गठन,मुख्यमंत्री ने वार्ड क्रमांक 06 में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की…
-संवाददाता-
सूरजपुर,17 जून 2026 (घटती-घटना)। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में बुधवार को लोकतंत्र और विकास का नया अध्याय शुरू हुआ,जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ, पहली बार नगर पंचायत के रूप में अस्तित्व में आए शिवनंदनपुर में आयोजित इस समारोह ने क्षेत्र के विकास की नई उम्मीदों को बल दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का भरोसा दिलाते हुए वार्ड क्रमांक 06 में मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की।
अध्यक्ष सहित सात पार्षदों ने
ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवानी जायसवाल ने नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, इसके साथ ही सात पार्षदों ने भी अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया,शपथ लेने वाले पार्षदों में श्री श्यामू साहू, प्रमिला साहू, मंजू खेमचंद गोयल,अंजली राजवाड़े,वर्षा जायसवाल,श्री मनी बग्गा एवं श्री प्रशांत अग्रवाल शामिल रहे,समारोह के दौरान क्षेत्रवासियों और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला,बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात,वार्ड क्रमांक 06 में बनेगा मंगल भवन- कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वार्ड क्रमांक 06 में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की, इस घोषणा का उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया,स्थानीय लोगों का मानना है कि मंगल भवन बनने से सामाजिक,सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा,यह भवन क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
लक्ष्मी राजवाड़े ने जताया विश्वास- महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि नगर पंचायत का गठन क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, उन्होंने कहा कि नई परिषद सामूहिक प्रयासों और समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी, उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में परिषद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कलेक्टर ने प्रस्तुत किया विकास का रोडमैप-कलेक्टर रेना जमील ने मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों को नगर पंचायत शिवनंदनपुर की प्रशासनिक संरचना,विकास संभावनाओं तथा प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कई मंत्री,सांसद,विधायक और अधिकारी रहे मौजूद-कार्यक्रम में खाद्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक प्रबोध मिंज, वन विकास निगम मंडल के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
नई परिषद से बढ़ी उम्मीदें-शिवनंदनपुर में पहली बार गठित नगर पंचायत परिषद के गठन के साथ ही क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं, अब लोगों को उम्मीद है कि नई परिषद नगर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार,स्वच्छता व्यवस्था,सड़क निर्माण,पेयजल आपूर्ति और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शिवनंदनपुर को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री बोले- जनता ने विश्वास किया है,अब जिम्मेदारी भी बढ़ी..
बिजली,पानी,सड़क और स्वच्छता को प्राथमिकता देने का आह्वान के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायत का गठन किसी क्षेत्र के लिए केवल प्रशासनिक परिवर्तन नहीं बल्कि विकास की नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला कदम होता है, उन्होंने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से यहां के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हुआ है, मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर भरोसा जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें, उन्होंने कहा कि नई परिषद को बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों को इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का अधिक उपयोग करने की अपील
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं मुख्यमंत्री कॉल सेंटर का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की, उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है,उन्होंने लोगों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का भी आह्वान किया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम बोले…लंबे समय की मांग हुई पूरी…
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति है, उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में सुनियोजित विकास को गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा, उन्होंने नवनिर्वाचित परिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिवनंदनपुर विकास की नई गाथा लिखेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur