सरगुजा में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा आया सामने,प्रयागराज का कथित बाबा गिरफ्तार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और झाड़फूंक के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक कथित ढोंगी बाबा की करतूत सामने आई है। आरोपी ने खुद को प्रयागराज से आया बाबा बताकर पहले परिवार का विश्वास जीता और फिर युवती को नौकरी व अच्छे रिश्ते का लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। पुलिस के अनुसार आरोपी अमित कुमार गोस्वामी कॉलोनी में घूम-घूमकर लोगों की समस्याएं बताने और झाड़फूंक से समाधान करने का दावा कर रहा था। वह लोगों से पैसे और मोबाइल भी मांग रहा था। इसी दौरान वह पीडि़ता के घर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। आरोपी ने युवती को यह कहकर अपने प्रभाव में लिया कि झाड़फूंक कराने से उसकी नौकरी लग जाएगी और अच्छा रिश्ता आएगा। आरोप है कि झाड़फूंक की प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने पीडि़ता की मां को हनुमान मंदिर भेज दिया और बहन को कमरे से बाहर रहने के लिए कहा। घर के अन्य सदस्यों को अलग करने के बाद उसने युवती को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीडि़ता ने गांधीनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीडि़ता द्वारा बताए गए हुलिए और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, थाना घुरपुर, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भारतीय मार्कण्डे, सहायक उपनिरीक्षक ललन गुप्ता सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आज भी समाज का एक वर्ग कथित चमत्कार, झाड़फूंक और ढोंगी बाबाओं के जाल में कैसे फंस जाता है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सरगुजा पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास का फायदा उठाकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur