-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमड़ी के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के निलंबित कर्मचारियों पर शासकीय भूमि पर कब्जा करने,ग्रामीणों के फर्जी हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री को शिकायत भेजने तथा अन्य अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने सरगुजा रेंज के आईजी और कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम अमड़ी निवासी स्वयम्बर सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह स्वास्थ्य केंद्र धौरपुर में एम पी एच डब्ल्यू पद पर पदस्थ हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वयम्बर सिंह के पिता कुंवर साय गांव में झाड़-फूंक के माध्यम से अंधविश्वास फैलाने का कार्य करते हैं। साथ ही प्रियंका सिंह का फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी प्राप्त करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने शिकायत में कहा है कि ग्राम अमड़ी स्थित स्कूल मद की लगभग 8 डिसमिल शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान निर्माण किया गया है। इसके अलावा गांव की अशिक्षित वृद्ध महिला कविलासो की संयुक्त खाते वाली उपजाऊ भूमि को बिना उचित मूल्य दिए कथित रूप से फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपने नाम करवाने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि शासकीय सेवा में रहते हुए दोनों द्वारा निजी नेटवर्क मार्केटिंग और हर्बल लाइफ वेलनेस कोचिंग का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में हुई शिकायत की जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को निलंबित कर दिया था। वहीं शासकीय भूमि पर किए गए निर्माण को हटाने के लिए तहसीलदार लुंड्रा द्वारा बेदखली का आदेश भी जारी किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निलंबन और बेदखली की कार्रवाई के बाद स्वयम्बर सिंह और प्रियंका सिंह ने गांव के लोगों तथा लंबे समय से उपसरपंच रहे सूरज प्रसाद गुप्ता और उनकी पत्नी के खिलाफ रंजिशवश झूठी एवं मनगढ़ंत शिकायत मुख्यमंत्री को भेजी। शिकायत में ग्रामवासियों के फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 7 जून को धौरपुर थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर और आईजी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में लक्ष्मी प्रसाद कश्यप, दिनेश पावले, राजन सिंह, रामनाथराम,हीरासाय,गुड्डू रामकुमार,अरविंद बेक,भोला, कृष्णा यादव,दशरथ,रामकिशुन, बसंतयादव,दिलीप,फुलासो, बिगन,नानसाय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur