Breaking News

अम्बिकापुर@इवनिंग वॉक पर निकले शिक्षक को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर,मौत

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। थाना उदयपुर क्षेत्र के अलकापुरी स्थित पेट्रोल पंप के सामने बुधवार शाम हुए दर्दनाक सडक हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, मिडिल स्कूल केशगवां में पदस्थ शिक्षक प्रदीप कश्यप (58 वर्ष) बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच रोज की तरह इवनिंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अलकापुरी स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक प्रदीप कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक सडक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्रदीप कश्यप को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बाइक चालक भुनेश्वर राजवाड़े, निवासी पतरापारा उदयपुर, की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
क्वार्टर पहुंचने से पहले हुआ हादसा
बताया जाता है कि प्रदीप कश्यप खरफरी नाला के पास स्थित शासकीय आवासीय कॉलोनी में रहते थे और प्रतिदिन शाम को टहलने निकलते थे। बुधवार को भी वे अपने आवास लौट रहे थे। हादसे के समय उनके क्वार्टर की दूरी महज 500 मीटर शेष थी, तभी यह दुर्घटना हो गई। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को उनके गृह ग्राम ठाकुरकांपा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस ने की आवश्यक कार्रवाई…
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, प्रधान आरक्षक संजय नागेश एवं आरक्षक हेमंत लकड़ा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा,मर्ग कायम सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कीं तथा पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया।
क्षेत्र में शोक की लहर
प्रदीप कश्यप अपने सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। वे विद्यार्थियों और सहकर्मी शिक्षकों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से विद्यालय परिवार सहित पूरे उदयपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। शिक्षक, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@फर्स्ट एसी में फ्लश खराब, शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई: पत्रकार सुमित सिंह ने उठाए रेलवे व्यवस्था पर सवाल

Share अंबिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। देश में आधुनिक रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर …

Leave a Reply