रायपुर रेफर किए जाने के बाद रास्ते में तोड़ा दम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। दरिमा थाना क्षेत्र में बाइक सटाकर निकलने से हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत हो गई। घायल को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांस थम गई। जानकारी के अनुसार ग्राम पोड़ीखुर्द निवासी बलवीर तुरी (45) अपने छोटे भाई पीडी राम के साथ बाइक से अंबिकापुर आ रहा था। लोधिमा तालाब के पास पीछे से आए एक बाइक सवार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सटाकर पार किया। इससे दोनों अनियंत्रित होकर सडक पर गिर गए। हादसे में बलवीर को गंभीर चोटें आई थीं। उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने रायपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए रायपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर परिजन वापस अंबिकापुर लौटे, जहां जिला अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur