-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने कला केंद्र मैदान में आयोजित मेले के दौरान व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान साइबर सेल, पुलिस मितान और साइबर वॉलंटियर्स की टीम ने नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और प्रत्यक्ष संपर्क के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव की जानकारी दी। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे लोगों ने भाग लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी शेयरिंग, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग और अन्य ऑनलाइन अपराधों के तरीकों को मंचन के जरिए प्रस्तुत किया। साथ ही लोगों को बताया गया कि थोड़ी सी सतर्कता और जागरूकता से अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल और पुलिस मितान टीम ने नागरिकों से सीधे संवाद कर साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी। लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके। पुलिस मितान टीम ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक कार्यक्रमों में ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में साइबर सेल के अमन पुरी, महिला थाना स्टाफ, पुलिस मितान टीम की विभाश्री सिंह, खुशी कन्नौजिया, आर्यन पाण्डेय, विकेश राजवाड़े, लक्ष्मी पैकरा, रश्मि शर्मा, अनुशा राजवाड़े, मानसी राजवाड़े सहित अन्य स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।
साइबर सुरक्षा के
लिए पुलिस की अपील
ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। अनजान लिंक और फर्जी निवेश योजनाओं से बचें। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सीमित रखें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें। संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur