Breaking News

अम्बिकापुर@3 माह से वेतन नहीं मिलने का आरोप..जनदर्शन पहुंचे विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्ड व स्वच्छक

Share

ठेका एजेंसी पर श्रम कानूनों के उल्लंघन,कम वेतन भुगतान और मानसिक उत्पीडऩ के आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के भकुरा परिसर में सुरक्षा गार्ड और स्वच्छता कर्मी के रूप में कार्यरत कर्मचारियों ने ठेका एजेंसी पर तीन माह से वेतन नहीं देने,श्रम कानूनों के उल्लंघन और मानसिक उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर तथा श्रम पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। ग्राम भकुरा निवासी नीरज, लोकनाथ,मुकेश पैकरा,बजरंग सिंह,शिव प्रसाद,प्रदीप कुमार,तारामुनि, श्वेता सिंह, शबनम, महेश्वरी,अंजू पैकरा सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि वे संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में बाह्य स्रोत एजेंसी निर्भर इंटेलिजेंट सुपर सर्विस के माध्यम से सुरक्षा एवं स्वच्छता कर्मी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पिछले तीन माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे परिवार के भरण-पोषण में गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे निर्धारित 8 घंटे के बजाय प्रतिदिन 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है। इसके बावजूद उन्हें साप्ताहिक अवकाश और राष्ट्रीय अवकाश का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के बजाय मात्र 6500 रुपये प्रतिमाह नकद भुगतान किया जाता है। वेतन बैंक खाते में जमा करने के बजाय नकद दिए जाने की भी शिकायत की गई है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने ईपीएफ और ईएसआई मद में अनियमितता तथा वित्तीय गड़बड़ी की आशंका जताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है। कुछ कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 4 हजार रुपये लिए गए, लेकिन राशि लेने के बाद भी कई लोगों को काम पर नहीं रखा गया। वहीं कुछ पुराने कर्मचारियों को बिना पूर्व सूचना और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी किए सेवा से हटा दिया गया। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे वेतन या अन्य वैधानिक अधिकारों की मांग करते हैं तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। शिकायत के बाद सेवा समाप्त किए जाने की आशंका भी उन्होंने जताई है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने तीन माह का बकाया वेतन तत्काल भुगतान कराने, श्रम कानूनों के अनुसार कार्य अवधि निर्धारित करने,साप्ताहिक अवकाश बहाल करने,अतिरिक्त कार्य का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने तथा ठेका एजेंसी की वित्तीय और प्रशासनिक जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन के अधीन कार्य करने की व्यवस्था बनाने का भी आग्रह किया है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सर्प दंश से महिला की मौत

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। सर्पदंश से पीडि़त महिला की अंबिकापुर लाते तक मौत हो …

Leave a Reply