-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम क्षेत्र के गंगापुर वार्ड क्रमांक 47 स्थित भुईयांपारा के रहवासियों ने सडक, नाली और पेयजल समस्या के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को निगम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान वार्डवासियों ने नारेबाजी करते हुए महापौर को ज्ञापन सौंपा और वर्षों से लंबित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गंगापुर क्षेत्र नगर निगम सीमा में शामिल होने के बाद भी आज तक कई बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। भुईयांपारा में सडक और नाली का निर्माण नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। क्षेत्र में पेयजल और बिजली पोल से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। वार्डवासी रैली के रूप में निगम कार्यालय पहुंचे और परिसर के सामने बैठकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। महापौर मंजूषा भगत ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान कुछ लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों में हो रही देरी पर सवाल उठाए। महापौर ने निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए सडक और नाली निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश बुनकर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur