Breaking News

अम्बिकापुर@किसानों को समय पर खाद-बीज,राजस्व मामलों का त्वरित निराकरण और योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे : प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी

Share

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश,जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बेहतर समन्वय पर दिया जोर…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाकर लोकहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।
प्रधानमंत्री आवास,सड़क
और पेयजल व्यवस्था पर जोर

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को स्वीकृत आवासों की सूची उपलब्ध कराने तथा लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही अंबिकापुर शहर में पेयजल और विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य कराने तथा बारिश से पहले सभी निर्माण कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सुशासन तिहार के आवेदनों का समय सीमा में निराकरण : प्रभारी मंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए। विभागवार मॉनिटरिंग कर लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए और जहां संभव हो,मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को राहत दी जाए।
राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान त्रुटि सुधार, सीमांकन,नामांतरण,नक्शा बटांकन,अतिक्रमण,आधार सीडिंग,किसान किताब और अन्य मामलों की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्रुटि सुधार संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को समय पर मिले खाद और बीज
खरीफ सीजन को देखते हुए मंत्री ने खाद-बीज की उपलब्धता,भंडारण और वितरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत कृषकों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए। खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने तथा बीज वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश भी दिए।
कई विभागों के कार्यों की समीक्षा
बैठक में मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, जल संसाधन, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, खेल एवं युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे। बैठक में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हाथी प्रभावित परिवारों को शीघ्र मिले सहायता
मंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण और भुगतान की समीक्षा के साथ वन विभाग को अवैध कटाई रोकने और वृक्षारोपण बढ़ाने के निर्देश दिए। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि और फसल नुकसान के मामलों की जानकारी लेते हुए उन्होंने मृतकों के परिजनों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा।
महतारी वंदन और पीएम सूर्यघर योजना पर फोकस
उन्होंने कहा कि कई योजनाओं का लाभ ई-केवाईसी से जुड़ा है, इसलिए पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी अभियान चलाकर पूरा कराया जाए। महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राहियों का नाम किसी भी स्थिति में नहीं छूटना चाहिए। वहीं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु मोहम्मद जीशान खान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘प्राउड ऑफ़ सरगुजा अवार्ड 2026’ समारोह …

Leave a Reply