आकिब नबी को भी जगह,
श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया ए टीम घोषित
इंडिया ए की टीम इस महीने के अंत में श्रीलंका दौरे पर दो अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेलेगी… इस दौरे के लिए टीम का ऐलान हो गया है…विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को कप्तानी मिली है…
नई दिल्ली,06 जून 2026। इंडिया ए की टीम श्रीलंका दौरे पर वनडे की ट्राई सीरीज के साथ ही अनऑफिशियल टेस्ट मैच भी खेलेगी। 25 से 28 जून के बीच पहला चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेला जाएगा। वहीं दो जुलाई से दूसरे मुकाबले की शुरुआत होगी। इस सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के हाथों में रहेगी।
देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान बनाए गए
ध्रुव जुरेल भारतीय टेस्ट टीम का प्रमुख बल्लेबाज बन चुके हैं। वह अफगानिस्तान के खिलाफ भी खेल रहे हैं। जुरेल श्रीलंका दौरे पर इंडिया ए की कप्तानी करेंगे। वहीं देवदत्त पडिक्कल को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। साई सुदर्शन और रुतुराज गायकवाड़ को भी इस टीम में शामिल किया गया है। साई भारत के लिए टेस्ट में नंबर तीन पर खेल रहे हैं।
आकिब नबी को टीम में मिला मौका
रणजी ट्रॉफी में विकेटों की झड़ी लगाने वाले आकिब नबी को इंडिया ए टीम में जगह मिली है। 41 फर्स्ट क्लास मैचों में जम्मू-कश्मीर के नबी के नाम 156 विकेट हैं। उसके साथ यश ठाकुर, अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ को तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मिली है। गुरनूर अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। कंबोज भारत के लिए पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
अनाधिकारिक टेस्ट मैच के लिए इंडिया ए की टीम :
ध्रुव जुरेल (कप्तान/ विकेटकीपर), साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बराड़, आकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, एन. जगदीसन (विकेटकीपर), अमन मोखड़े, शेख रशीद, जीशान अंसारी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur