Breaking News

अम्बिकापुर@विधायक-नायब तहसीलदार विवाद ने पकड़ा तूल,दो समर्थकों ने किया सरेंडर

Share


एसडीएम और नायब तहसीलदार को हटाने की मांग तेज


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर के राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक से मारपीट मामले में दर्ज एफआईआर के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के दो समर्थकों ने बुधवार को पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। वहीं दूसरी ओर विधायक समर्थक संगठनों ने एसडीएम और नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई तथा विधायक पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग तेज कर दी है। गौरतलब है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक की रिपोर्ट पर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित उनके 10 समर्थकों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी गिरफ्तारी की मांग को लेकर तीन दिन से हड़ताल पर हैं।मामले में नामजद दो आरोपियों ग्राम कोटछाल निवासी पंकज गुप्ता (30) और ग्राम पेट निवासी नाजिम रजा (34) ने बुधवार को सीतापुर थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों का नाम एफआईआर में शामिल है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार दोनों ने विधायक के निर्देश पर सरेंडर किया है। विवाद के बीच यह चर्चा भी तेज है कि विधायक पक्ष द्वारा राजापुर के एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मानिक को सीतापुर से हटाने की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में वरिष्ठ भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर पर भी बातचीत हुई है। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।
राजस्व कामकाज प्रभावित,कलेक्टर ने लौटने कहा…
इधर राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल से आम नागरिकों के कार्य प्रभावित होने लगे हैं। इसे देखते हुए कलेक्टर ने तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों से काम पर लौटने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में कार्य पर नहीं लौटने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
मितानिनों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन…
सीतापुर विधायक की बहन सीमा धनकी के समर्थन में जिलेभर की मितानिनें भी मैदान में उतर आई हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में मितानिनों ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नायब तहसीलदार पर विधायक की बहन से कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की। साथ ही मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग से भी की गई है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
सर्व आदिवासी समाज
भी आया समर्थन में…

सर्व आदिवासी समाज ने भी विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि विधायक क्षेत्र में सक्रियता से विकास कार्य कर रहे हैं। उनका सैन्य सेवा का भी गौरवशाली रिकॉर्ड रहा है तथा उन्हें वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है। ऐसे में केवल आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना उचित नहीं है। समाज ने तीन दिन के भीतर नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
छात्र संगठन भी उतरा मैदान में…
विधायक के समर्थन में अब छात्र संगठन भी सामने आ गया है। संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विधायक के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की है। एक ओर जहां भाजपा समर्थक, छात्र संगठन, मितानिनें और सर्व आदिवासी समाज विधायक के समर्थन में खड़े हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेशभर का राजस्व अमला नायब तहसीलदार के पक्ष में आंदोलनरत है।
बढ़ता जा रहा है टकराव
राजस्व अधिकारियों की हड़ताल, समर्थक संगठनों के प्रदर्शन और प्रशासनिक कार्रवाई की मांगों के बीच यह मामला अब केवल मारपीट की घटना तक सीमित नहीं रह गया है। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर बढ़ते दबाव के कारण पूरे प्रदेश की नजरें अब इस मामले में प्रशासन और सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।


Share

Check Also

सीतापुर@तहसील सीतापुर क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन करते 09 वाहन जप्त

Share -संवाददाता-सीतापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग …

Leave a Reply