
जिस गुरु ने संवारा देश का भविष्य,वह बुढ़ापे में अपने ही हक के लिए बैठेगा भूख हड़ताल पर!
ओड़गी बीईओ दफ्तर की तानाशाही, 10 साल से दबा रखी इंक्रीमेंट की राशि, न्याय के लिए ‘आमरण अनशन’ पर बैठने को मजबूर बीमार बुजुर्ग शिक्षक
गुरु का अपमान बर्दाश्त नहीं,सूरजपुर कलेक्टर से 24 घंटे में भुगतान की मांग,शिक्षक फेडरेशन और कोरिया जन सहयोग समिति ने खोला मोर्चा
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। जिस गुरु ने जीवन के बहुमूल्य वर्ष बच्चों का भविष्य संवारने और राष्ट्र निर्माण में लगा दिए,आज सेवानिवृत्ति के बाद वही बुजुर्ग शिक्षक व्यवस्था की संवेदनहीनता के आगे बेबस और लाचार है,विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ओड़गी की घोर लापरवाही और कड़वे अनुभवों से तंग आकर सेवानिवृत्त शिक्षक सोनहत निवासी विजय कुमार गुप्ता पूर्व पदस्थ,प्राथमिक शाला पाल केवरा विकासखण्ड ओड़गी ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है, उन्होंने दफ्तर के सामने ही आमरण भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है, जिसके बाद से विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया है।
लापरवाही की हद,रिटायरमेंट के बाद भी करा लिया काम, डेढ़ साल से काट रहे चक्कर…
पीडि़त शिक्षक विजय कुमार गुप्ता द्वारा जारी बयान किसी भी संवेदनशील व्यक्ति की आंखें नम कर देने वाला है, उन्होंने बताया कि विभाग ने पहले तो उनके साथ धोखा किया और सेवानिवृत्ति की तय तिथि बीत जाने के बाद भी उनसे जबरन कई महीने तक तक कार्य कराया गया। हद तो तब हो गई जब लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त होने के बावजूद,दफ्तर के चक्कर काट-काटकर उनके पैर घिस गए, तब कहीं जाकर बड़ी मुश्किल से अप्रैल 2026 में केवल ग्रेच्युटी की राशि मिल सकी।
2016 से दबाकर बैठे हैं इंक्रीमेंट की राशि!-अधिकारियों की तानाशाही और अकर्मण्यता का आलम देखिए कि पीडि़त शिक्षक के अन्य समस्त सेवानिवृत्ति देयकों का भुगतान तो रोका ही गया है, साथ ही वर्ष 2016 (पिछले 10 सालों से!) से लंबित इंक्रीमेंट एरियर की राशि भी दबाकर रखी गई है,थक-हारकर बुजुर्ग शिक्षक ने चेतावनी दी है कि यदि उनके जीवनभर की जमा पूंजी का भुगतान तुरंत नहीं किया गया,तो वे बीईओ कार्यालय के सामने भूख हड़तालपर बैठ जाएंगे,और यदि उन्हें कुछ भी होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी इस संवेदनहीन विभाग की होगी।
शिक्षक संगठन में भारी आक्रोश, यह घोर प्रशासनिक अन्याय है- इस पूरे मामले पर प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के उप प्रांताध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई है, उन्होंने बीईओ कार्यालय को आड़े हाथों लेते हुए कहा राज्य शासन के स्पष्ट और कड़े निर्देश हैं कि शासकीय सेवक के रिटायर होते ही उसके सारे स्वत्वों का भुगतान तत्काल हो जाना चाहिए, इसके बावजूद विकासखंड शिक्षा कार्यालय ओड़गी (जिला सूरजपुर) द्वारा एक बुजुर्ग शिक्षक को इस तरह प्रताडि़त करना न केवल घोर प्रशासनिक उदासीनता है, बल्कि एक गुरु के साथ सरेआम अन्याय है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूरजपुर जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग-फेडरेशन ने सूरजपुर जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि इस संवेदनशील प्रकरण का तत्काल संज्ञान लिया जाए,बुजुर्ग शिक्षक के सभी लंबित भुगतानों को 24 घंटे के भीतर कराया जाए और एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों व बाबुओं के खिलाफ तत्काल कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि ओड़गी दफ्तर में पसरी इस ‘अफसरशाही की अंधी सुरंग’ को बंद किया जा सके।
बुजुर्ग शिक्षक को अकेला न समझे विभाग-पुष्पेंद्र राजवाड़े-कोरिया जन सहयोग समिति के अध्यक्ष पुष्पेंद्र राजवाड़े ने पीडि़त शिक्षक के समर्थन में ओड़गी बीईओ कार्यालय के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है, उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के डेढ़ साल बाद भी भुगतान न रोकना और 2016 से इंक्रीमेंट दबाकर रखना साफ दर्शाता है कि ओड़गी दफ्तर में बिना ‘सुविधा शुल्क’ के फाइल आगे नहीं बढ़ती। वहां बैठे अधिकारी और बाबू पूरी तरह निरंकुश व संवेदनहीन हो चुके हैं, राजवाड़े ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, ‘कोरिया जन सहयोग समिति एक बुजुर्ग गुरुजी का यह अपमान कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। पीडि़त शिक्षक खुद को अकेला न समझें, पूरी जनता उनके साथ है, यदि तत्काल उनका पूरा भुगतान कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो समिति ओड़गी दफ्तर का घेराव करेगी, अगर गुरुजी भूख हड़ताल पर बैठे, तो पूरा दफ्तर हिलाकर रख दिया जाएगा।
बुजुर्ग शिक्षक का दर्द
विजय गुप्ता ने बताया कि मै जिला कोरिया का निवासी हूं। उम्र के इस पड़ाव में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा हूं,हर हफ्ते इतनी दूर से आकर ओड़गी दफ्तर के चक्कर लगाना मेरे लिए मानसिक और शारीरिक रूप से जानलेवा साबित हो रहा है, चूंकि मैं अकेला हूं, इसलिए अधिकारी मेरी मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं और मेरी समस्याओं को कचरे के डिब्बे में डाल दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur