नई दिल्ली,01 जून 2026। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि देश में लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं,जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई छात्र मानसिक दबाव में आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने सोमवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और कई परीक्षाओं में अनियमितताओं के चलते युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने एनईईटी,सीयूईटी,जेईई मेन और बीपीएससी जैसी परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि सीबीएसई परीक्षा मूल्यांकन और स्कैनिंग प्रणाली में बदलाव के दौरान टेंडर प्रक्रिया में नियमों में संशोधन किया गया, जिससे एक विशेष कंपनी को लाभ पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि पहले के टेंडर में टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियां शामिल थीं, लेकिन बाद में शर्तों में बदलाव कर नए टेंडर में अलग कंपनी को अवसर मिला। खेड़ा ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और स्कैनिंग प्रक्रिया में बदलाव के कारण पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए छात्रों से शुल्क लिया जा रहा है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर सरकारी खर्च में गिरावट आई है और इसे लेकर युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो रहा है। जहां देश के युवा परीक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं, वहीं सार्वजनिक संदेशों में अलग विषयों पर चर्चा की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur