नई दिल्ली,31 मई 2026।चुनाव आयोग ने ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण के तहत मतदाताओं का सर्वेक्षण और सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस चरण में 3.68 करोड़ से अधिक मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। आयोग ने कहा कि पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने और अपात्र व्यक्तियों को बाहर रखने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया शुरू की गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 के तहत 14 मई 2026 को 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण का आदेश जारी किया गया था। इसके तहत ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में 30 मई से मतदाताओं का सर्वेक्षण और सत्यापन चरण शुरू हो गया है। जिन मतदाताओं के प्रगणना फॉर्म 28 जून तक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। आयोग के अनुसार, बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मौजूदा मतदाताओं को प्रगणना फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। मतदाता भरे हुए फॉर्म बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। जो मतदाता निर्धारित समय तक फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे। नए मतदाताओं के पंजीकरण को आसान बनाने के लिए बीएलओ अपने साथ फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भी रखेंगे। आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ स्तर एजेंटों (बीएलए) को भी अधिक सक्रिय भूमिका देते हुए प्रतिदिन 50 तक फॉर्म एकत्र कर बीएलओ को सौंपने की अनुमति दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur