प्रश्नपत्र,परीक्षा रिकॉर्ड और छात्रों का संवेदनशील डेटा खतरे में,5 सदस्यीय जांच समिति गठित..
बिलासपुर,30 मई 2026। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जीजीयू) में उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय विश्वविद्यालयों में उपयोग किए जाने वाले समर्थ पोर्टल से जुड़े कुछ लॉगिन आईडी और पासवर्ड सार्वजनिक होने की जानकारी सामने आई। इस घटना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली,गोपनीय दस्तावेजों और हजारों छात्रों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, समर्थ पोर्टल केंद्रीय विश्वविद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा संचालन,भर्ती,छात्रवृत्ति, दस्तावेज सत्यापन और प्रशासनिक कार्यों का प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म है। जीजीयू के करीब 32 विभागों का महत्वपूर्ण शैक्षणिक और प्रशासनिक डेटा इसी पोर्टल पर सुरक्षित रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक,पोर्टल की सुरक्षा में सेंध लगने की आशंका के कारण कई विभागों के प्रश्नपत्र,परीक्षा परिणाम और अन्य गोपनीय दस्तावेज जोखिम में आ गए हैं। यदि जांच में प्रश्नपत्रों तक अनधिकृत पहुंच की पुष्टि होती है, तो विश्वविद्यालय को कुछ परीक्षाएं रद्द या स्थगित करने जैसे बड़े निर्णय लेने पड़ सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur