-संवाददाता-
राजपुर,29 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन एनएच-343 पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ग्राम हरितिमा गेट के पास हुआ, जहां उड़ती धूल के कारण दृश्यता प्रभावित होने से अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनराज रवि पिता शरीफा रवि निवासी ग्राम शिवपुर, राजपुर से गैस सिलेंडर लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान हरितिमा गेट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल : हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
उड़ती धूल बनी हादसे की वजह : स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन एनएच-343 पर इन दिनों भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क निर्माण कार्य के कारण लगातार धूल उड़ रही है। धूल के गुबार से सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को सामने का दृश्य स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस : घटना की सूचना मिलने के बाद राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और यातायात नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur