Breaking News

हमीरपुर@यूपी में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा,6 की मौत

Share


अफसर बोले…आंधी-बारिश के चलते हादसा,3 मजदूरों को बचाया गया

हमीरपुर,29 मई 2026। यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात 2 बजे गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स ने मलबे में फंसे 3 मजदूरों को निकाला। साढ़े 7 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में देर रात 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली थी। हादसा शहर से 25 किमी. दूर ललपुरा इलाके में हुआ। मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शी सुरेश कुमार ने बताया- पुल पर दो शिफ्ट में काम होता है। जिस वक्त आंधी आई,पहली शिफ्ट के लोग पुल के नीचे थे,जबकि दूसरी शिफ्ट के 7 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। उनमें मैं भी था। आंधी से बचने के लिए हम लोग पुल पर लेट गए। इसी बीच हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम पुल का निर्माण करवा रहा है। इसकी लागत 90 करोड़ रुपए है। 700 मीटर लंबा दो लेन का ब्रिज मोराकांड से कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था। दिसंबर 2026 तक इसे पूरा किया जाना है।
सहायक अभियंता निलंबित,
डीपीएम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश

यूपी ब्रिज कारपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने बताया…मामले में प्रथम दृष्टया सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी को निलंबित किया है। डीपीएम दिलीप कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में विभागीय जांच के लिए कमेटी गठित की है। जांच कमेटी में संयुक्त प्रबंध निदेशक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (डिजाइन) और मुख्य परियोजना प्रबंधक,कानपुर शामिल हैं।
हादसे के जान गंवाने वाले गंगाचरण दो दिन पहले ही हमीरपुर गए थे : हादसे के जान गंवाने वाले गंगाचरण (26) पुत्र शोभरन सिंह निवासी भूरागढ़ दो भाइयों में बड़े थे। परिवार में उनके छोटे भाई राजीव (20) हैं। परिजनों के मुताबिक, गंगाचरण ने कक्षा 8 तक पढ़ाई की थी। वह करीब दो महीने पहले घर लौट आए थे, लेकिन परसों ठेकेदार का फोन आने पर दोबारा काम के लिए बांदा से हमीरपुर चले गए थे। परिजनों ने बताया…उन्हें सूचना मिली थी कि तेज तूफान के दौरान निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिर गया, जिसमें उनका भतीजा पप्पू भी दब गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य सुन यादव, मनोज यादव और पंकज यादव मौके के लिए रवाना हुए। मृतक की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले सभाजीत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक सभाजीत यादव (25) पुत्र नीलकंठ यादव इंटरमीडिएट पास थे। तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में उनके छोटे भाई अमन (23) और अमित (21) हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक सभाजीत यादव के चाचा राम बाबू ने बताया कि सभाजीत करीब सात-आठ दिन पहले काम करने के लिए हमीरपुर गया था। इससे पहले भी वह वहां काम कर चुका था। गर्मी अधिक होने के कारण दिन में काम बंद कर दिया गया था और ठेकेदार की ओर से रात में ओवरटाइम कराकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। रात में ही मजदूर काम करते थे। राम बाबू के मुताबिक,काम के दौरान अचानक तेज तूफान आ गया। इसी दौरान निर्माणाधीन ढांचा गिर गया और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
हमीरपुर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक…
मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख की आर्थिक मदद की घोषणा…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहने में श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई और अभी कुछ और मजदूरो के दबे होने की आशंका के चलते बचाव कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की सहायता पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर रात कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से भारी तबाही का भी संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं।
ं। उन्होंने मुआवजा वितरण, राहत शिविरों, बचाव अभियान और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने को भी कहा गया है, ताकि आमजन तक सही और समयबद्ध सूचना पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


Share

Check Also

सिलचर (असम)@असम-मिजोरम सीमा पर 18 करोड़ की याबा टैबलेट जब्त,एक गिरफ्तार

Share सिलचर (असम),29 मई 2026। असम-मिजोरम सीमा पर सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए …

Leave a Reply