500 रुपए पेंशन के लिए हर माह 6 किमी पैदल सफर,वीडियो वायरल
-संवाददाता-
मैनपाट,23 मई 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट से एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है, जिसने सरकारी योजनाओं और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक बहू अपनी 90 वर्षीय सास को पीठ पर लादकर 500 रुपए की वृद्धा पेंशन दिलाने बैंक पहुंची। रास्ते में स्थानीय युवाओं ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मैनपाट विकासखंड के ग्राम कुनिया के जंगलपारा निवासी 90 वर्षीय सोमारी बाई चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उन्हें वृद्धा पेंशन के रूप में हर माह 500 रुपए मिलते हैं। गांव से नर्मदापुर स्थित बैंक की दूरी करीब 6 किलोमीटर है। ऐसे में उनकी बहू सुखमनिया बाई हर माह उन्हें पीठ पर लादकर उबड़-खाबड़ रास्तों और नदी-नालों को पार करते हुए बैंक तक ले जाती है। बहू सुखमनिया ने बताया कि पहले पेंशन की राशि घर तक पहुंच जाती थी, लेकिन अब बैंक जाकर फिंगर प्रिंट सत्यापन कराना जरूरी हो गया है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वाहन की व्यवस्था भी नहीं हो पाती। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्गों के लिए बैंकिंग नियमों में राहत मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें घर पर ही पेंशन मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur