9 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम 5 रुपये तक बढ़े
नई दिल्ली,23 मई 2026। देशभर में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार,23 मई से पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। वहीं सीएनजी की कीमतों में भी 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। 15 मई से 23 मई के बीच ईंधन कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है,जिससे लोगों की जेब पर लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पीएम मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए आरोप लगाया कि बीते 9 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम करीब 5 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं। कांग्रेस ने कहा कि सरकार को सिर्फ तेल कंपनियों के मुनाफे की चिंता है,जबकि आम जनता महंगाई से परेशान है। पार्टी ने आरोप लगाया कि दुनिया के कई देश अपनी जनता को राहत देने के लिए कदम उठा रहे हैं,लेकिन भारत में लगातार ईंधन के दाम बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच जारी तनाव और पश्चिम एशिया में बने ऊर्जा संकट के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। हालांकि फिलहाल युद्धविराम लागू है,लेकिन होर्मुज स्ट्रेट में अस्थिर स्थिति के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने का सीधा असर देश में पेट्रोल-डीजल के दामों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पेट्रोलियम की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र पर बोला हमला, कहा-संकट के बीच जनता को लूटा जा रहा है…

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद जनता को राहत देने के बजाय लगातार पेट्रोल,डीजल,सीएनजी और एलपीजी के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि बीते दस दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यह तर्क देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है कि भारत में ईंधन की कीमतें कई अन्य देशों की तुलना में कम हैं, जबकि सच्चाई यह है कि संकट के समय अन्य देशों ने अपनी जनता को राहत देने के लिए टैक्स में कटौती और राहत पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के दौरान इटली, ऑस्ट्रेलिया,जर्मनी,ब्रिटेन और आयरलैंड जैसे देशों ने ईंधन पर टैक्स घटाकर या सब्सिडी देकर लोगों को राहत पहुंचाई। इसके विपरीत भारत में लगातार कीमतें बढ़ाई जा रही हैं,जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महंगाई पहले से ही लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है और अब पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की लागत भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग पर पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि बीते एक महीने में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में कई बार वृद्धि की गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur