Breaking News

नई दिल्ली@पेट्रोल-डीजल तीन रुपये प्रति लीटर हुआ महंगा

Share

नई दिल्ली,15 मई 2026। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। सीएनजी के दाम भी दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। करीब चार साल बाद पेट्रोल-डीजल की कीमत में इजाफा किया गया है। दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कोलकाता, मुंबई और चेन्नई जैसे महानगरों में भी ईंधन की कीमतों में उछाल आया है। कोलकाता में पेट्रोल 3.29 रुपये बढ़कर अब 108.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 3.14 रुपये बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है। दक्षिण भारत के बड़े शहर चेन्नई में पेट्रोल के दामो में 2.83 रुपये का उछाल आया है और नई कीमत 103.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कोलकाता में डीजल की कीमत में 3.11 रुपये का इजाफा हुआ है। वहां एक लीटर डीजल 95.13 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में भी डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 93.14 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। चेन्नई में डीजल की कीमत में 2.86 रुपये का इजाफा किया गया है। वहां डीजल अब 95.25 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। दिल्ली के प्रीत विहार स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर एक ग्राहक ने इस पर कहा, हम इसके बारे में क्या कर सकते हैं?
डीजल-पेट्रोल के दामों में वृद्धि
को लेकर खरगे ने मोदी सरकार को घेरा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पांच राज्यों में चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के दामों में वृद्धि को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा। खरगे ने जनता की जेब पर बढ़ते बोझ को लेकर चिंता व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वर्क फ्रॉम होम और तेल बचाने की नसीहत पर खरगे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि ये संकट मोदी सरकार द्वारा निर्मित संकट है। मोदी सरकार में दूरदर्शी सोच का अभाव है, इसे जनता को समझना चाहिए। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के दामों में वृद्धि उद्योगों से लेकर घरेलू बजट और किसानों पर भी पड़ रहा है। खरगे ने कहा कि चुनाव के दौरान सत्ता पक्ष को सब सामान्य नजर आता है लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद सब जगह संकट फैल जाता है, मंहगाई चरम पर पहुंच जाती है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर राहुल
गांधी बोले…‘गलती सरकार की,कीमत जनता चुकाएगी’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार की गलती की कीमत जनता चुकाएगी। राहुल गांधी ने भविष्य में भी तेल कीमतों में इजाफा होने की आशंका व्यक्त की है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘गलती सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी। 3 रुपए का झटका आ चुका,बाकी वसूली किस्तों में की जाएगी।’


Share

Check Also

नई दिल्ली@पेपर लीक से ध्वस्त हो रही शिक्षा व्यवस्था युवाओं का भविष्य संकट में : पवन खेड़ा

Share नई दिल्ली,01 जून 2026। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने …

Leave a Reply