5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा,7 विषयों पर सहमति…
दुबई,15 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई दौरे पर पहुंचे हैं। अबूधाबी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक यूएई एयरफोर्स के एफ-16 फाइटर जेट्स ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट किया। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। नरेन्द्र मोदी की यूएई यात्रा के दौरान 7 अहम विषयों पर सहमति बनी है। दोनों देशों के बीच एलपीजी सप्लाई को लेकर अहम समझौता हुआ। इसके अलावा स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व, रक्षा सहयोग और वडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर से जुड़े एमओयू भी साइन किए गए। यूएई ने भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर, आरबीएल बैंक और सम्मान कैपिटल में 5 अरब डॉलर निवेश का ऐलान भी किया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों नेताओं ने ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश और वेस्ट एशिया के हालात पर चर्चा की।
मोदी बोले…भारत-यूएई साझेदारी नई ऊंचाइयों पर पहुंची : मोदी ने कहा कि जनवरी में यूएई राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान रिश्तों को और मजबूत करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि कम समय में दोनों देशों ने सभी क्षेत्रों में तेज प्रगति की है। मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में भारत-यूएई रणनीतिक सहयोग का महत्व और बढ़ गया है।
मोदी बोले- यह यात्रा छोटी लेकिन उपयोगी रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई दौरा खत्म होने पर कहा कि उनकी यह छोटी लेकिन बेहद उपयोगी यात्रा रही। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि इस दौरे के नतीजे दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करेंगे और विकास को आगे बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत-यूएई रिश्तों को मजबूत और भरोसेमंद बताया। उन्होंने कहा, ‘भारत और यूएई की दोस्ती बहुत मजबूत है। मोदी ने कहा कि दोनों देश बेहतर भविष्य के निर्माण के लक्ष्य के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
पीएम मोदी और यूएई राष्ट्रपति की मौजूदगी में कई एमओयू साइन
पीएम मोदी और यूएई राष्ट्रपति अल नाहयान की मौजूदगी में भारत और यूएई के बीच कई अहम एमओयू और समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। भारत और यूएई के बीच एलपीजी सप्लाई से जुड़ा अहम समझौता भी हुआ है। समझौते रक्षा, ऊर्जा, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर सहयोग से जुड़े हैं। दोनों देशों के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी के फ्रेमवर्क पर समझौता हुआ। स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व को लेकर भी एमओयू साइन किया गया। वडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने को लेकर दोनों देशों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा यूएई ने भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर, आरबीएल बैंक और सम्मान कैपिटल में 5 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की।
मोदी बोले…भारत के लिए संवेदना जताने पर धन्यवाद
मोदी ने भारत में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताने के लिए धन्यवाद अल नाहयान को दिया। बैठक में मोदी ने कहा, पिछले कुछ दिनों में भारत में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए आपने संवेदना व्यक्त की। इसके लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं।
मोदी बोले…होर्मुज स्ट्रेट खुला और सुरक्षित रहना जरूरी
मोदी ने कहा कि भारत चाहता है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला और सुरक्षित बना रहे। उन्होंने कहा कि वेस्ट एशिया युद्ध का असर पूरी दुनिया पर दिख रहा है और भारत हमेशा संवाद व कूटनीति के जरिए समाधान का पक्षधर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur