Breaking News

जामनगर@सोमनाथ अमृतपर्व-2026 में प्रधानमंत्री ने किया प्रथम ज्योतिलिंग का पूजन…

Share


दुनिया की कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकतीःपीएम मोदी
जामनगर,11 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के सोमनाथ मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के 75 साल पूरे होने के मौके पर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा- आज का दिन एक और वजह से भी खास है। आज के ही दिन 11 मई 1998 को देश ने पोकरण में परमाणु परीक्षण किया था। तब दुनिया भर की शक्तियां भारत को दबोचने मैदान में उतर गई थीं। पीएम ने कहा…भारत के लिए सारे रास्ते बंद कर दिए गए थे। लेकिन हम डरे नहीं, डटे रहे। भारत ने पोकरण परमाणु परीक्षण को ऑपरेशन शक्ति नाम दिया था। क्योंकि शिव के साथ शक्ति आराधना ही हमारी परंपरा रही है। मैं भगवान सोमनाथ के चरणों में नमन करते हुए ऑपरेशन शक्ति की बधाई देता हूं। गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृतपर्व-2026’ के ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री एवं सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी प्रभास पाटन पहुंचे और प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव के प्रतीक भगवान सोमनाथ महादेव मंदिर में सोमवार को ‘सोमनाथ अमृतपर्व-2026’ पूरे मंदिर परिसर में शंख,डमरू और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बन गया।
भारत ने परमाणु परीक्षण किया
तो दुनिया की आंखें लाल हो गईं…

पीएम ने कहा- आज का दिन एक और वजह से भी विशेष है। 11 मई 1998 को यानी आज के ही दिन देश ने पोकरण में परमाणु परीक्षण किया था। देश ने 11 मई को पहले 3 परमाणु परीक्षण किए। हमारे वैज्ञानिकों ने भारत के सामर्थ्य को क्षमता को दुनिया के सामने रखा। दुनिया में तूफान आ गया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा…दुनिया कहने लगी कि भारत, इसकी ये हैसियत…कौन होता है भारत जो परमाणु परीक्षण करे। दुनिया की आंखें लाल हो गईं। दुनिया भर की शक्तियां भारत को दबोचने मैदान में उतरीं। भारत के लिए सारे रास्ते बंद कर दिए गए। जब दुनिया भर की बड़ी शक्तियां इतना बड़ा आक्रमण करें तो आगे के रास्ते दिखते नहीं हैं। लेकिन हम किसी और मिट्टी के बने हैं।
पीएम ने कहा…मैं यहां
कई बार आया नतमस्तक हुआ

पीएम मोदी ने कहा,‘आज हम उनके धाम के पुनर्निर्माण का उत्सव मना रहे हैं। जो हलाहल पीकर नीलकंठ हो गए आज उनकी ही शरण में सोमनाथ अमृत महोत्सव हो रहा है। ये उनकी ही लीला है।’ मैं दादा सोमनाथ के भक्त के रूप में कितनी ही बार मैं यहां आया नतमस्तक हुआ। लेकिन आज समय की यह यात्रा सुखद अनुभूति दे रही थी। कुछ महीने पहले ही हम सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहे थे। आज आधुनिक स्वरूप की प्रतिष्ठा के 75 साल, हम केवल 2 आयोजनों का हिस्सा भर नहीं बने हैं। हमें हजार साल की अमृत यात्रा को अनुभव करने का शिवजी ने मौका दिया है।
मैं हजारों साल की आध्यात्मिक चेतना देख रहा हूं…
पीएम ने कहा- आज मैं 75 साल की झांकी नहीं देख रहा हूं। मैं देख रहा हूं विनाश में सृजन के संकल्प को। मैं यहां देख रहा हूं असत्य पर सत्य की विजय को। मैं यहां देख रहा हूं हजारों साल की आध्यात्मिक चेतना को। जिसने मानव मात्र के कल्याण के साथ समूचे विश्व को देखा। मैं देख रहा हूं भारत के अविनाशी स्वरूप को, जिसे सदियों के कुत्सित प्रयास भी नहीं मिटा सके। पीएम ने कहा- ये केवल अतीत का उत्सव नहीं है, अगले हजार साल के लिए भारत की प्रेरणा का महोत्सव भी है। सभी देशवासियों को इस महोत्सव की बहुत बधाई।
पीएम ने कहा-राष्ट्र जड़ों से जुड़ा रहे तभी मजबूत रह सकता है…
पीएम ने कहा…सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट से सैकड़ों परिवार जुड़े हैं। गुजरात के बाकी हिस्सों में भी लोग आते हैं। यह मंदिर हमें हमारी जीवन जीने का तरीका सिखाती है। हमारी आस्था नदियों में,वृक्षों में है। हम जंगलों को भी श्रद्धा की दृष्टि से देखते हैं। आज जब दुनिया प्राकृतिक जीवनशैली की तरफ लौट रही है तो हमें जागरूक होना होगा। हम ऐसा जीवन अपनाएं जिससे प्राकृतिक शैली की रक्षा हो। जब नई पीढि़यां अपने इतिहास और मूल्यों से जुड़ती हैं तब राष्ट्र का आत्मबल और मजबूत होता है। आज देश आगे बढ़ रहा है। उसमें हमारी सांस्कृतिक विरासत की बड़ी भूमिका है। सोमनाथ हमें याद दिलाता है कि कोई भी राष्ट्र तभी लंबे समय तक मजबूत रह सकता है जब वह जड़ों से जुड़ा रहे।
सोमनाथ अमृत महोत्सव
पर डाक टिकट जारी किया

पूजा-अभिषेक के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पीएम मोदी का सेरेमोनियल पगड़ी और खेस के साथ स्वागत किया। साथ ही उन्हें सोमनाथ मंदिर की एक फ्रेम की हुई तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
सूर्यकिरण टीम का एयर शो
सूर्यकिरण टीम के विमानों ने जामनगर वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी और लगभग 182 किलोमीटर की हवाई दूरी तय करके 18 मिनट के भीतर सोमनाथ पहुंचे। हॉक एमके-132 विमान उड़ाने वाले पायलट फॉर्मेशन और हवाई करतब दिखा रहे हैं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@पीएम मोदी ने पेश की मिसाल…

Share अपने काफिले का आकार घटाया संसाधन बचत का दिया बड़ा संदेशनई दिल्ली,13 मई 2026। …

Leave a Reply