शपथ लेते वक्त स्पीच देने लगे तो राज्यपाल ने टोका,पहला ऑर्डर 200 यूनिट फ्री बिजली का
चेन्नई,10 मई 2026। तमिलगा वेत्री कड़गम चीफ और एक्टर से नेता बने सी जोसेफ विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने रविवार सुबह 10.15 बजे तमिल में शपथ ली। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहे। थलापित विजय शपथ लेते समय निर्धारित लाइनों के अलावा और बातें बोलने लगे। इस पर राज्यपाल अर्लेकर ने उन्हें टोक दिया और कहा कि वही पढ़ें जो लिखकर दिया है। सीएम विजय के साथ 9 और मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें एन आनंद,आधव अर्जुन,डॉ. केजी अरुणराज,केए सेंगोट्टैयन,पी वेंकटरमणन,आर निर्मलकुमार,राजमोहन,डॉ. टीके प्रभु, सेल्वी एस कीर्तना शामिल है। ये सभी विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम के विधायक हैं। सहयोगी दलों के किसी विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है। सीएम बनते ही विजय एक्शन में आए और दस्तावेजों का पहला सेट साइन किया। इनमें 200 यूनिट फ्री बिजली देने,महिला सुरक्षा दल और एंटी ड्रग्स स्क्वॉड बनाने के आदेश शामिल हैं।
विजय ने शपथ
के दौरान कहा…
मैं सी. जोसेफ विजय भारत की संविधान के प्रति सच्ची आस्था और निष्ठा रखूंगा। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में भारत की एकता,अखंडता को बनाए रखूंगा और अपने विवेक के अनुसार कर्तव्यों और कानून का पालन करूंगा। किसी से डरूंगा नहीं और ना ही एकतरफा आदेश मानूंगा। मैं न्याय करूंगा, सभी लोगों के साथ न्याय करूंगा।
नवीन पटनायक ने
विजय को बधाई दी…
बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, विजय को सीएम बनने पर बधाई। उम्मीद है कि तमिलनाडु नई लीडरशिप के नेतृत्व में और ऊंचाइयों पर पहुंचेगा और तेजी से विकास करेगा।
सीएम बनते ही एक्शन में विजय,पहला ऑर्डर 200 यूनिट बिजली फ्री
सीएम जोसेफ विजय ने शपथ लेते ही एक्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट फ्री बिजली देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष बल बनाने वाली फाइल साइन की। सीएम विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वे किसी शाही खानदान से नहीं हैं,लोगों ने ही उनका स्वागत किया और उन्हें स्वीकार किया। इसलिए झूठे वादों से लोगों को धोखा नहीं देंगे। सीएम विजय ने बताया कि पिछली डीएमके सरकार पर राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपए का कर्ज लादने का आरोप लगाया।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने
विजय,राहुल गांधी बोले…राज्य ने
नई पीढ़ी और नई सोच को चुना
तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए अभिनेता से नेता बने विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। शपथ ग्रहण के बाद राहुल गांधी ने विजय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तमिलनाडु ने ‘नई पीढ़ी,नई आवाज और नई सोच’ को चुना है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव के पक्ष में अपना फैसला दिया है। राहुल ने उम्मीद जताई कि विजय राज्य की जनता की आकांक्षाओं और उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
चेन्नई में रविवार सुबह 11 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) और विदुथलाई चिरुथइगल काची (वीसीके) के नेताओं ने भी हिस्सा लिया। इन दलों ने विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) को समर्थन दिया है। शपथ लेने के बाद विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
खरगे ने दी विजय को बधाई…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि लंबे समय से राज्य की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित करने वाले आदर्श टीवीके प्रमुख के नेतृत्व में सरकार को आगे भी दिशा देते रहेंगे। खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मैं उन्हें, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी और पूरे गठबंधन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur