पुलिस-ईडी बनकर डराया,राजस्थान से 2 आरोपी गिरफ्तार…
बिलासपुर,09 मई 2026। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है। आरोपियों ने एक महिला को पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का डर दिखाकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पीडि़ता के मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को ‘संजय पीएसआई’ बताया। आरोपी ने महिला को कहा कि उनका नाम एक आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में सामने आया है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला को घंटों तक तथाकथित ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा गया। आरोपियों ने महिला को पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट के नाम से फर्जी नोटिस और दस्तावेज भेजे। साथ ही परिवार से संपर्क करने पर बेटे और रिश्तेदारों को भी मामले में फंसाने की धमकी दी गई। लगातार मानसिक दबाव और डर के कारण महिला आरोपियों के झांसे में आ गई। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में कई किश्तों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं, केस खत्म कराने के नाम पर अतिरिक्त 50 लाख रुपए की मांग भी की जा रही थी। बाद में महिला ने अपने बेटे को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद साइबर थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई लेयर वाले बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी।
बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपेन्द्र सिंह (21) और विशाल सिंह (20) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम निकालकर अन्य लोगों तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक,चेकबुक,एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों और साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े खातों की जांच जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur