गुरुग्राम की सद्भावना यात्रा में केंद्र सरकार पर जमकर बरसे विपक्ष के नेता
गुरुग्राम,08 मई 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार शाम गुरुग्राम में सद्भाव यात्रा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर लोकतंत्र, संविधान और किसानों के अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया। इससे पूर्व राहुल गांधी खांडसा मंडी से लेकर एसडी स्कूल चौक तक सद्भाव यात्रा में शामिल हुए। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ओर से यह यात्रा निकाली जा रही है। इसके बाद आयोजित जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने देश में चुनाव चोरी करने का सिस्टम बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए और नए नाम जोड़े गए। चुनाव आयोग भी भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा नेताओं को लगता है कि उनका शासन कभी खत्म नहीं होगा, लेकिन अब देश की जनता सच्चाई समझ चुकी है। देश के लोग समझ रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार देश की संपत्तियों को चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों बेचने का काम कर रही है।राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अडानी का नाम लेकर कहा कि एयरपोर्ट, पावर प्लांट, इंफ्रास्ट्रक्चर और यहां तक कि निकोबार द्वीपों तक को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता समझ रही है कि भाजपा सरकार अडानी-अंबानी मॉडल पर काम कर रही है, जहां कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अडानी कंपनी का नाम मोडानी होनी चाहिए। क्योंकि यह कंपनी बीजेपी का फाइनेंशियल स्ट्रक्चर है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को हराएगी, फिर देखना हम क्या कार्रवाई करते हैं। इन्होंने लोकतंत्र खत्म किया है, हम इस बात को भूलने वाले नहीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur