
कोलकाता,05 मई 2026। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं और शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने जानकारी दी है कि राज्य के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण आगामी नौ मई को किया जायेगा।
हालांकि मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। मंगलवार सुबह मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष भट्टाचार्य ने बताया कि नौ मई का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उस दिन कविगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध रही है। राजाराम मोहन राय, सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और रवीन्द्रनाथ जैसी महान हस्तियों की यह भूमि है। राज्य की इसी गरिमा और पहचान को फिर से स्थापित करने की दिशा में नई सरकार काम करेगी। सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता में आयोजित होगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रवासी मजदूरों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कई मुश्किलों के बावजूद अपने पैसे खर्च करके वोट डालने के लिए यात्रा की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को वह सलाम करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दुनिया के कई हिस्सों जैसे टोरंटो, डलास, सिलिकॉन वैली, कोपेनहेगन, जर्मनी और यूके से भी लोग वोट देने आए। आगे उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ सरकार या मुख्यमंत्री बदलना नहीं है, बल्कि पूरे राजनीतिक माहौल को बदलना है, जो उनके मुताबिक सामाजिक रूप से दबाव वाला बन गया है।
भाजपा ने अमित शाह को बनाया पश्चिम बंगाल का केंद्रीय पर्यवेक्षक,जेपी नड्डा को असम का जिम्मा सौंपा
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली प्रचंड जीत के बाद अब प्रदेश में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में अब भाजपा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इसकी जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई है। इसमें बताया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। अमित शाह और ओडिशा के सीएम माझी मिलकर राज्य में विधायक दल की बैठक और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भाजपा पहली बार सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक,बंगाल में भाजपा को 207 सीटें मिली है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्टी को 80 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को दो, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली है। इसके साथ ही भाजपा ने असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। असम में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। एनडीए ने 126 विधानसभा सीटों में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur