कैशलेस सेवाओं को बढ़ावा…जल्द लगेंगी 38 नई मशीनें,टिकटिंग हुई तेज और पारदर्शी
बिलासपुर,04 मई 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल टिकटिंग और कैशलेस सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। डिजिटल इंडिया पहल के अनुरूप रेलवे अपने सेवा ढांचे को लगातार मजबूत कर रहा है, जिससे यात्रियों को तेज़, सरल और पारदर्शी सुविधाएं मिल सकें।
87 ऑटोमैटिक टिकट
वेंडिंग मशीनें चालू
वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 44 स्टेशनों पर कुल 87 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित की जा चुकी हैं। इनमें बिलासपुर मंडल के 13 स्टेशनों पर 32, रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों पर 26 और नागपुर मंडल के 19 स्टेशनों पर 29 मशीनें कार्यरत हैं। इन मशीनों के माध्यम से यात्री बिना कतार में लगे आसानी से अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
जल्द लगेंगी 38 नई मशीनें
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने 38 नई एटीवीएम स्थापित करने की योजना बनाई है। इनमें बिलासपुर मंडल में 12, रायपुर मंडल में 16 और नागपुर मंडल में 10 मशीनें शामिल होंगी। इससे स्व-टिकटिंग प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों के समय की बचत होगी।
डिजिटल लेन-देन में बढ़ोतरी
रेलवे में डिजिटल भुगतान को लेकर यात्रियों की रुचि लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में पीआरएस के 42 प्रतिशत लेन-देन डिजिटल माध्यम से हो रहे हैं,जबकि यूटीएस और एटीवीएम के जरिए 34 प्रतिशत टिकट डिजिटल भुगतान से लिए जा रहे हैं। पार्सल कार्यालयों में 100 प्रतिशत लेन-देन डिजिटल हो चुका है,वहीं टिकट जांच से होने वाली आय का 26 प्रतिशत भी डिजिटल माध्यम से प्राप्त हो रहा है।
पारदर्शिता और सुविधा में इजाफा
डिजिटल भुगतान से जहां नकद लेन-देन में कमी आई है, वहीं पारदर्शिता और जवाबदेही में भी वृद्धि हुई है। यात्रियों को तेज़ सेवा के साथ बेहतर अनुभव मिल रहा है। साथ ही यह पहल पेपरलेस व्यवस्था को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण को भी मजबूती दे रही है।
भविष्य में और सुधार की तैयारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में डिजिटल तकनीकों के माध्यम से सेवा गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur